
लखनऊ। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग एसोसिएशन के वर्ष 2017-18 के चुनाव में वर्तमान अध्यक्ष डॉ.अशोक यादव समेत अधिकांश पदाधिकारियों ने अपनी बादशाहत फिर कायम की है। मंगलवार को मतगणना उपरांत पदाधिकारियों की नई कार्यकारिणी में केवल तीन नये चेहरे शामिल हुये। जीत दर्ज करने के बाद पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा सेवानिवृत्ति की आयु दो वर्ष बढ़ाये जाने की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टरों के हित में हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
चुनाव अधिकारी डॉ.राजीव बंसवाल के निर्देशन में शुक्रवार को पीएमएस की नई कार्यकारिणी के लिए मतदान हुआ था। मंगलवार को मतगणना हुई और कार्यकारिणी की लगभग पुरानी टीम ही भारी अंतर से जीत दर्ज करने में सफल रही। पीएमएस के अध्यक्ष डॉ.अशोक यादव ने 2393 के मुकाबले निकटम प्रतिदृंदी 973 वोट पाने वाले बाराबंकी के डॉ. सुनीत कुमार सिंह को भारी अंतर से पिछाड़ दिया। वहीं उपाध्यक्ष महिला में डॉ.निरूपमा सिंह ने लगभग 1600 वोटों से डॉ.चित्रा सिंंह को हराकर, अपनी सीट बरकरार रखी। जबकि तीन उपाध्यक्षों में मुरादाबाद के डॉ.भावतोष शंखधर, गाजियाबाद के डॉ.विकास अग्रवाल (पहली बार) व आजमगढ़ के डॉ.विजय सिंह यादव विजयी हुये। महामंत्री पर डॉ.अमित सिंह ने रिकॉर्ड वोटों के अंतर से 567 के मुकाबले 2670 वोट प्राप्त कर अपनी बादशाहत कायम रखी। इसके अलावा अपर महामंत्री उन्नाव के डॉ.अनिल कुमार त्रिपाठी (पहली बार) बने, इन्होंने 2563 प्राप्त कर 484 वोट पाने वाले डॉ.राम सिंह को हराया। वित्त सचिव डॉ.अनिल कुमार सिंह बने और संपादक बलरामपुर अस्पताल के डॉ.बीपी सिंह (पहली बार) चुने गये, डॉ.सिंह ने लगभग 11सौ वोटों से डॉ.प्रहलाद सिंह को परास्त किया। ज्ञात हो उपाध्यक्ष पद पर डॉ.आशुतोष कुमार दुबे निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। उपरांत चुनाव अधिकारी डॉ.बसंवाल ने सभी पदाधिकारियों को चुनाव जीत का प्रमाण पत्र दिया और पदाधिकारियों ने बैठक कर शपथ ग्रहण समारोह की तिथि निश्चित करने का आश्वासन दिया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times