Sunday , November 8 2026

रोबोटिक पार्शियल नी रिप्लेसमेंट जैसी शल्य तकनीकियों का प्रशिक्षण

-प्री कॉन्फ्रेंस हैंड्सऑन कैडवरिक वर्कशॉप के साथ आईएएकॉन 2025 का आगाज

-केजीएमयू के एनाटमी विभाग में आयोजित कार्यशाला में 120 युवा सर्जन ने लिया प्रशिक्षण

सेहत टाइम्स

लखनऊ। इंडियन आर्थ्रोप्लास्टी एसोसिएशन (IAA) द्वारा 30 अक्टूबर, को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ के एनाटॉमी विभाग में आईएएकॉन 2025 से पूर्व एक प्री कॉन्फ्रेंस हैंड्स-ऑन कैडेवरिक कार्यशाला आयोजित की गई।

इस कार्यशाला में घुटना प्रत्यारोपण (Knee Replacement), हिप प्रत्यारोपण (Hip Replacement), पार्शियल नी रिप्लेसमेंट तथा रोबोटिक पार्शियल नी रिप्लेसमेंट जैसी आधुनिक शल्य तकनीकों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। देशभर से आए लगभग 120 युवा अस्थि रोग विशेषज्ञों (Orthopaedic Surgeons) ने इस कार्यशाला में भाग लिया और विशेषज्ञ शिक्षकों से व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों में डॉ. संजीव जैन (अध्यक्ष, IAA) और डॉ. देबरत पाध्य (सचिव, IAA) प्रमुख रूप से शामिल थे। आयोजन समिति में डॉ. उत्तम गर्ग, प्रो. आशीष कुमार (आयोजन अध्यक्ष) तथा प्रो. संजीव कुमार (आयोजन सचिव) शामिल रहे।

कार्यशाला का आयोजन प्रो. आशीष कुमार, विभागाध्यक्ष, अस्थि शल्य विभाग (ऑर्थोपेडिक सर्जरी), केजीएमयू और डॉ. नवनीत चौहान, विभागाध्यक्ष, एनाटॉमी विभाग, केजीएमयू के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय आर्थ्रोप्लास्टी विशेषज्ञों ने भी भाग लिया और जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी में नवीनतम प्रगतियों के बारे में अपने अनुभव साझा किए।

यह कार्यशाला इंडियन आर्थ्रोप्लास्टी एसोसिएशन के वार्षिक सम्मेलन की प्रस्तावना के रूप में आयोजित की गई, जो 31 अक्टूबर, से होटल रामाडा, लखनऊ में प्रारंभ होगा। इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रसिद्ध जोइंट रिप्लेसमेंट सर्जन अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करेंगे।