Thursday , April 2 2026

दो स्‍वास्‍थ्‍य कर्मचारी संगठनों की कांग्रेस को दो टूक, पहले पुराना वादा पूरा कीजिये…

-यूपी चुनाव घोषणा पत्र के लिए कर्मचारी सेवा की नीतियों में बदलाव के लिए मांगे थे सुझाव

अम्‍मार जाफरी और योगेश उपाध्‍याय

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। आयुष फार्मासिस्‍ट संघ और यूपी लैब टेक्‍नीशियन एसोसिएशन ने स्‍पष्‍ट कर दिया है कि वे चुनाव में किसी प्रलोभन में आने वाले नहीं हैं। इसी क्रम में दोनों संगठनों ने उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष को पत्र लिखकर दो टूक कह दिया है कि पहले राजस्‍थान में चुनाव मैनिफेस्‍टो में एनएचएम कर्मचारियों के हितों के लिए किये गये वादे पूरे करके दिखायें तभी उत्‍तर प्रदेश के आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के मैनिफेस्‍टो के लिए कर्मचारी सेवाओं में लाभकारी परिवर्तन के लिए नीतियों को बनाने के लिए सुझाव संगठन द्वारा प्रेषित किये जायेंगे।

यह जानकारी देते हुए आयुष फार्मासिस्ट संघ के प्रदेश अध्यक्ष अम्मार जाफ़री और यूपी लैब टेक्‍नीशियन एसोसिएशन के अध्‍यक्ष योगेश उपाध्‍याय ने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू द्वारा कर्मचारी सेवाओं में लाभकारी परिवर्तन के लिए सुझाव मांगे गये थे। इसके जवाब में दोनों संगठनों ने कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष को पत्र लिखकर साफ कर दिया है कि इसी प्रकार राजस्‍थान में भी कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में एनएचएम कर्मचारियों के हितार्थ अनेक नीतियां बनाने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनाने के बाद अब तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया।

नेताद्वय ने कहा है कि राजस्‍थान में कांग्रेस सरकार अपना वादा निभायेगी तो उसके बाद उत्‍तर प्रदेश में उसे सुझाव दिये जायेंगे। अम्‍मार जाफरी ने स्‍पष्‍ट कहा है कि कर्मचारी अब किसी प्रलोभन में नहीं आने वाले। कांग्रेस शासित प्रदेशों में एनएचएम कर्मियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाये एवं राजस्थान सरकार अपने मैनिफेस्टो अनुसार एनएचएम कर्मियों के लिए लाभकारी कदम उठाए। उसके पश्चात प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को उप्र मैनिफेस्टो के लिए लिखित में अपनी समस्याए अवगत कराने हेतु आयुष फार्मासिस्ट संघ उत्तर प्रदेश रजि0 बाध्य होगा।