-स्वैच्छिक रक्तदाताओं एवं संस्थाओं का सम्मान एवं शपथ-ग्रहण समारोह में किया गया पुरस्कृत

सेहत टाइम्स
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि संस्थान के ब्लड सेंटर को रक्तदान एवं रक्त संचरण सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदेश स्तर पर तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
यह जानकारी संस्थान के मीडिया सेल द्वारा जारी विज्ञप्ति में देते हुए बताया गया है कि राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 1 अक्टूबर 2026 के अवसर पर राज्य रक्त संचरण परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित “स्वैच्छिक रक्तदाताओं एवं संस्थाओं का सम्मान एवं शपथ-ग्रहण समारोह” में यह सम्मान प्रदान किया गया।
विशेष उल्लेखनीय है कि इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के ब्लड सेंटर्स को सम्मिलित करते हुए मूल्यांकन किया गया, जिसमें AIIMS, AMU एवं BHU सहित अन्य प्रमुख चिकित्सा संस्थान शामिल थे। इस प्रतिस्पर्धा में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के ब्लड सेंटर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्थान को गौरवान्वित किया।
संस्थान ने कहा है कि यह उपलब्धि ब्लड सेंटर की पूरी टीम की निरंतर मेहनत, समर्पण तथा सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर ब्लड सेंटर के विभागाध्यक्ष प्रोo सुब्रत चंद्र एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संस्थान की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदाताओं के अमूल्य योगदान की भी सराहना की तथा अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times