-केएसएसएससीआई में नर्सिंग एसोसिएशन ने शिविर में संस्थान कर्मियों से जुटाया 36 यूनिट रक्त

सेहत टाइम्स
लखनऊ। “राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस” के अवसर पर कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ में केएसएसएससीआई नर्सिंग ऑफीसर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संस्थान के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 36 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम में संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजेन्द्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू दुबे की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी
KSSSCI Nursing Officers Welfare Association (AIGNF) की अध्यक्ष अपर्णा साहू ने रक्तदान के महत्व एवं इसके लाभों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी है। स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का परिचायक है। एसोसिएशन के महामंत्री बीरम सिंह ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। इसलिए रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारा कर्तव्य भी है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में प्रखर अग्रवाल, प्राची द्विवेदी, प्रांजल कुमार कन्नौजिया, शमशाद अहमद, अतुल कुमार सिंह, आदित्य सिंह, शशिकांत यादव, रागिनी पांडे, नीलू पांडे, विष्णु प्रजापति, आशीष विश्वकर्मा, पुनीत राय, इक्षा यादव, शालिनी साहू, मोती लाल सैनी एवं भावना सहित नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन (AIGNF) के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। एसोसिएशन ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times