Thursday , October 1 2026

IAPSCON2026 में प्रो जेडी रावत को प्रतिष्ठित केसी सोगानी मेडल

-केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के कई चिकित्सकों को मिला सम्मान

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ के बाल शल्य चिकित्सा विभाग की टीम ने इंडियन एसोसिएशन ऑफ पीडियाट्रिक सर्जन्स (Indian Association of Pediatric Surgeons) के 52वें वार्षिक सम्मेलन (IAPSCON2026) में उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल कीं।

सम्मेलन में केजीएमयू के लिए प्रमुख आकर्षण IAPS K- C- Sogani Medal का प्रतिष्ठित सम्मान था, जो प्रो0 डा0 जिलेदार (जे0डी0) रावत, विभागाध्यक्ष, बाल शल्य चिकित्सा विभाग, केजीएमयू को बाल शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके समर्पित सेवाकाल, शल्य चिकित्सा कौशल, शैक्षणिक योगदान तथा बाल शल्य चिकित्सा के विकास में निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया गया। प्रो0 डॉ जिलेदार रावत ने विभाग के न्यूनतम इनवेसिव थोरैसिक सर्जरी के अनुभव को प्रस्तुत किया तथा जन्मजात छाती के रोगों के उपचार में थोराकोस्कोपी की भूमिका को रेखांकित किया।

पद्मश्री प्रो0 डा0 एस0 एन0 कुरील ने Surgery of Continent Epispadias with Buried Penis विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। डा0 निशांत अग्रवाल, असिस्टेन्ट प्रोफेसर ने एसजीपीजीआईएमएस, लखनऊ में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए शोध को सम्मेलन में प्रस्तुत किया। डा0 शोभा, सीनियर रेजीडेन्ट, को प्रतिष्ठित U- C- Chakraborty Research Award प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। साथ ही विभाग के अन्य सीनियर रेजीडेन्ट्स डा0 कृति पटेल, डा0 कृतिका सिंह एवं डा0 स्वप्निल सिंह ने रिसर्च व्याख्यान प्रस्तुत किए।

IAPSCON2026 में केजीएमयू की उपलब्धियां विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं और रोगी देखभाल, एकेडमिक चिकित्सा, शल्य चिकित्सा में नवाचार तथा अनुसंधान में उत्कृष्टता के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। डॉ जिलेदार रावत एवं डा0 शोभा को पुरस्कार मिलने पर तथा पूरे विभाग को प्राप्त उपलब्धियों तथा निरन्तर सकारात्मक प्रयासों के लिए कुलपति ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।