-“सही बातचीत : मेंटरशिप और सार्थक फीडबैक में महारत” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में दी गयीं महत्वपूर्ण जानकारियां

सेहत टाइम्स
लखनऊ। मेडिकल शिक्षा के अंतर्गत अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्रों के लिए प्रभावी फीडबैक और मेंटरिंग में फैकल्टी की क्षमताओं को मजबूत करने के मुख्य उद्देश्य से डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, (आरएमएलआई) लखनऊ में संस्थान की मेडिकल एजुकेशन यूनिट ने संस्थान के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल के सहयोग से एक फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित किया गया।
संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 1 अक्टूबर को एकेडमिक ब्लॉक में मेडिकल एजुकेशन यूनिट हॉल में आयोजित इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का विषय “सही बातचीत : मेंटरशिप और सार्थक फीडबैक में महारत” था। बताया गया है कि आयोजित सत्रों में फीडबैक के आधार और सिद्धांत, फीडबैक मॉडल और फ्रेमवर्क, रचनात्मक फीडबैक देने में चुनौतियां, मेंटरिंग के सिद्धांत और नैतिकता, मेंटर और मेंटी की भूमिकाएं और जिम्मेदारियां तथा प्रभावी मेंटरिंग कार्यक्रमों को बनाए रखने की रणनीतियों को शामिल किया गया।
निदेशक प्रो. (डॉ.) सीएम सिंह और डीन डॉ. राजन भटनागर के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष की जिम्मेदारी एमईयू समन्वयक प्रो ज्योत्सना अग्रवाल, आयोजन सचिव की जिम्मेदारी फीजियोलॉजी की प्रोफेसर डॉ विभा गंगवार ने तथा सह आयोजन सचिव की जिम्मेदारी एनाटॉमी की प्रोफेसर प्रो. नवबीर पसरीचा ने निभायी।
इस कार्यक्रम ने फैकल्टी सदस्यों को अपने कम्युनिकेशन, मेंटरिंग और फीडबैक कौशल को बेहतर बनाने के लिए एक व्यवस्थित मंच प्रदान किया, जिससे मेडिकल संस्थानों में अधिक रचनात्मक और शिक्षार्थी-केंद्रित शैक्षिक माहौल को बढ़ावा मिला।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times