-अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आरएचटीसी, जुग्गौर एवं यूएचटीसी, उजरियांव में स्वास्थ्य एवं जागरूकता गतिविधियां

सेहत टाइम्स
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2026 के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आरएचटीसी, जुग्गौर एवं यूएचटीसी, उजरियांव में विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों में स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था, गरिमा, देखभाल एवं सहयोग तथा उपलब्ध जेरियाट्रिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
संगीत आधारित कुर्सी पर व्यायाम
28 सितंबर को आरएचटीसी, जुग्गौर में प्रो. डॉ. विनिता शुक्ला, प्रभारी आरएचटीसी के मार्गदर्शन में सामुदायिक सुरक्षा मैपिंग एवं गिरने के जोखिम की पहचान का आयोजन डॉ. अनुराग वर्मा, एसआर द्वारा किया गया। एमबीबीएस इंटर्न्स ने गिरने से बचाव का प्रदर्शन तथा डॉ. अनुराग वर्मा ने गिरने से बचाव का प्रदर्शन कराया। मेडिकल सोशल वर्कर द्वारा 90 सेकंड का संगीत आधारित कुर्सी पर व्यायाम का सत्र भी आयोजित किया गया।
संज्ञानात्मक एवं भावनात्मक सेहत
29 सितंबर को डॉ. पूजा (एलएमओ) एवं डॉ. वीरेंद्र वर्मा (एसआर) द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य जांच एवं बुज़ुर्गों के साथ विस्तृत बातचीत की गयी, जिसमें सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र परीक्षण भी किया गया। डॉ. विकास वर्मा (जेआर) ने संज्ञानात्मक एवं भावनात्मक सेहत का सेशन में बॉक्स ब्रीदिंग एवं ग्राउंडिंग तकनीक का अभ्यास कराया। एमएसडब्ल्यू सपना, राजकिशोर, कपिल, श्रुति एवं संजय द्वारा कुर्सी व्यायाम का पुनः अभ्यास कराया गया तथा प्रो. डॉ. विनिता शुक्ला द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए।

1 अक्टूबर को यूएचटीसी, उजरियांव में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. डॉ. एस. डी. कांडपाल, विभागाध्यक्ष, सामुदायिक चिकित्सा विभाग की उपस्थिति रही। डॉ. अब्दुल कावी, न्यूरोलॉजी विभाग द्वारा वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं न्यूरोलॉजिकल समस्याओं पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया गया। इस अवसर पर डॉ. रश्मि, प्रभारी यूएचटीसी; प्रो. डॉ. विनिता शुक्ला, प्रभारी आरएचटीसी; डॉ. पद्मजा, प्रभारी पीएचसी उजरियावां; एवं डॉ. अर्शी अंसारी, आयोजन सचिव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एनपीएचसीई के अंतर्गत उपलब्ध जेरियाट्रिक स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक रेफरल सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि वृद्धजनों के लिए गरिमा, सम्मान, निरंतर देखभाल एवं सुलभ जेरियाट्रिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना स्वस्थ एवं सम्मानजनक वृद्धावस्था के लिए आवश्यक है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times