Thursday , May 2 2024

पत्नी की गोद भरकर चंद घंटों में मांग सूनी कर गया सर्वेश

-बख्शी का तालाब क्षेत्र में घटी घटना पर सभी की आंखें हो गयीं नम

सेहत टाइम्स

लखनऊ। बख्शी का तालाब (लखनऊ) क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर है, यहां एक परिवार को घर में किलकारियां गूंजने का इन्तजार था। परिजनों ने महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। सभी सोच रहे थे कि बेटा या बेटी जो भी हो, वह स्वस्थ हो। पिता भी खुश था और फिर उसे खुशखबरी मिली कि उसे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है। मगर इसके बाद होनी को कुछ और ही मंजूर था। फिर इस अस्पताल में जो हुआ, उसने परिवार में तो कोहराम मचाया ही, अस्पताल कर्मियों को भी सन्न करके रख दिया। महिला ने जिस वार्ड में बेटे को जन्म दिया, उसके करीब ही दूसरे वार्ड में उसके पति की लाश रखी रही। यह मंजर देख कोई भी अपने आंसू नहीं रोक पाया।

मामला लखनऊ के थाना बख्शी तालाब के महगावना अतरौरा का है। मिली जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाले सर्वेश ने अपनी गर्भवती पत्नी को राम सागर मिश्र अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पत्नी सरोजिनी ने बेटे को जन्म दिया। परिवार में सभी लोग खुश हो गए। महिला और नवजात, दोनों स्वस्थ थे। जिस दिन बेटे का जन्म हुआ, उस दिन पिता बने सर्वेश को अस्पताल में ही ठहरना था। परिवार वालों ने सर्वेश से जिद करके कहा कि वह रात में अस्पताल में ही रुक जाये, मगर वह नहीं माना और रात करीब 11 बजे अपनी ससुराल के लिए निकल गया।

बताया जाता है कि बाबा पुरवा स्थित ससुराल जाने के लिए सर्वेश रात करीब 11 बजे अस्पताल से निकला तभी देवी रुकड़ा क्रॉसिंग के पास एक बाइक वाले ने उन्हें तेज टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सर्वेश उछल कर गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आईं।

सर्वेश को उसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी पत्नी ने कुछ ही समय पहले बेटे को जन्म दिया था। अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। सर्वेश का शव रात भर अस्पताल के दूसरे वार्ड में रखा रहा तो वही अस्पताल के पहले वार्ड में मृतक की पत्नी और नवजात बच्चा भर्ती रहे।
इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। प्रसूता सरोजिनी को भी संभालना परिजनों के लिए भारी हो रहा है। आस-पड़ोस वाले भी इस घटना से बेहद दुःखी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.