Sunday , August 16 2026

आरएमएलआई में लहराया तिरंगा, 18 कर्मचारियों को “डायरेक्टर्स अवॉर्ड ऑफ मेरिट”

-रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही पारम्परिक तरीके से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

सेहत टाइम्स

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात उपस्थित अधिकारियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा विगत वर्षों में हुई संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। सभी से अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण एवं सेवाभाव से निर्वहन करते हुए संस्थान एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान में कार्यरत 18 नियमित कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए “डायरेक्टर अवॉर्ड ऑफ मेरिट” प्रदान किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भर्ती रोगियों को फल वितरित किए गए।

इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के कर्मचारियों के बच्चों द्वारा प्रतिभाग किया गया, उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम एवं ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं जैसे सेल्फी विद तिरंगा, पोर्ट्रेट विद तिरंगा, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, भाषण एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में संस्थान के समस्त विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, अधिकारीगण, चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, एकता एवं सेवा के संकल्प के साथ हुआ।