Friday , May 22 2026

आयुष क्षेत्र में औषधीय कृषि की अपार संभावनाएं

-डॉ दयाशंकर मिश्रा दयालु ने आयुष विभाग से जुड़े अधिकारियों, चिकित्सकों के साथ की वर्चुअली बैठक

डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आज अपने लखनऊ डालीबाग स्थित सरकारी आवास पर आयुष पॉलिसी, योग एवं आयुष सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक आयुष विभाग Department of AYUSH से जुड़े अधिकारियों, चिकित्सकों एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि वर्चुअली Virtually जुड़े।

योग के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर जोर

डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ Dr. Dayashankar Mishra ‘Dayalu’ ने योग को लेकर कहा कि सभी लोग योग के प्रचार-प्रसार को और अधिक प्रभावी ढंग से करें, जिससे कि अधिक से अधिक लोग योग एवं आयुष पद्धति से जुड़ सकें। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आयुष क्षेत्र में औषधीय कृषि की अपार संभावनाएं हैं। किसानों एवं संबंधित संस्थाओं को औषधीय पौधों की खेती के प्रति जागरूक करने तथा इसे प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

उत्कृष्ट पंचकर्म सेवाएं करने वाले आयुष चिकित्सालय होंगे सम्मानित

आयुष मंत्री ने कहा कि जिन आयुष चिकित्सालयों में पंचकर्म Panchakarma सेवाएं उत्कृष्ट रूप से संचालित की जाएंगी, उन्हें विभाग की ओर से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी चिकित्सालयों को अपनी ओटी (ऑपरेशन थिएटर) एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पैथोलॉजी एवं एक्स-रे सेवाओं की नियमित समीक्षा करने पर भी बल दिया जिससे कि मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

डॉ दयालु ने आयुष महाविद्यालयों को समय-समय पर सेमिनार, कार्यशाला एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों को नवीन जानकारियों एवं शोध कार्यों से लाभ मिल सके। आयुष पद्धति एवं योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयासों पर भी चर्चा की, जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बन सकें।