–आरक्षण पर कानूनी आदेशों के अनुपालन में कार्यान्वयन के बाद भर्ती के परिणाम घोषित
–एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के लिए 12 नई भर्तियों से सर्जरी के लिए प्रतीक्षा समय कम होने की आशा
–नेफ्रोलॉजी विभाग और न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में पहली बार हुई नियमित नियुक्ति

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में नेफ्रोलॉजी विभाग, न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग और एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के कार्यों मैं गति आने की संभावना बलवती हुई है विशेषकर एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के लिए 12 नई भर्तियों से सर्जरी के लिए प्रतीक्षा समय कम हो जायेगा। इसके अलावा सर्जिकल और आईसीयू सेवाएं भी मजबूत होंगी। इन नियुक्तियों में नेफ्रोलॉजी विभाग और न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में विश्वविद्यालय का प्रथम नियमित संकाय सदस्य सम्मिलित हैं। इन विभागों में अभी तक किसी भी संकाय की नियमित नियुक्ति नहीं हुई थी।
यह जानकारी देते हुए केजीएमयू के मीडिया प्रवक्ता डॉक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि केजीएमयू प्रशासन ने 2 साल के लंबे अंतराल के बाद आधिकारिक तौर पर 2022 के विज्ञापन के तहत संकाय भर्ती के परिणामों की घोषणा की है इसके तहत विभिन्न विभागों में 75 नियमित संकाय सदस्यों की नियुक्ति की गई है। 3 प्रोफेसर, 8 एसोसिएट प्रोफेसर और 64 सहायक प्रोफेसर को नियुक्ति पत्र जारी किया है। डॉ सुधीर सिंह के अनुसार यह भर्ती, जो आरक्षण नीतियों के कार्यान्वयन के संबंध में कई अभ्यावेदन के कारण समीक्षाधीन थी, अब कानूनी आदेशों के अनुपालन में पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है।
उन्होंने बताया कि केजीएमयू की कुलाधिपति एवम राज्यपाल उत्तर प्रदेश ने 18 सितंबर को विश्वविद्यालय प्रशासन को विज्ञापित पदों की नियुक्ति के लिए बुलाई गई चयन समितियों की सिफारिशों को कार्यकारी परिषद के समक्ष रखने के निर्देश जारी किए।कुलपति ने इन निर्देशों के लिए कुलाधिपति के प्रति पूर्ण प्रक्रिया में उनके निरंतर मार्गदर्शन के लिए असीम कृतज्ञता व्यक्त की, जिससे यह भर्ती प्रक्रिया पूरी हो सकी।
प्रवक्ता के अनुसार नवनियुक्त संकाय सदस्य विश्वविद्यालय के विकास को काफी बढ़ावा देंगे और शिक्षण पद्धतियों को बढ़ाने, अनुसंधान पहल को आगे बढ़ाने और विश्वविद्यालय के चिकित्सा विभागों में रोगी देखभाल सेवाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।केजीएमयू ने पूरी प्रक्रिया में समर्थन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवम उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का भी आभार व्यक्त किया है।केजीएमयू कुलपति ने कहा कि केजीएमयू राज्य में स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षण, प्रशिक्षण और अनुसंधान में उच्च मानक हासिल करने और राज्य और देश के लिए गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times