Thursday , May 14 2026

तबादलों में आंशिक संशोधन स्‍वीकार नहीं, स्‍वास्‍थ्‍य भवन घेरने को तैयारी पूरी

-सोमवार के घेराव कार्यक्रम में 3000 कर्मचारियों के भाग लेने का ऐलान

-मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन ने कहा, डीए को निलंबित कर करायी जाये जांच

-अनियमित रूप से किये गये सभी तबादलों को रद करने की मांग पर कायम

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन ने कहा है कि निदेशक प्रशासन (डीए) द्वारा अनियमित ढंग से किये गये स्‍थानांतरणों में लगभग ढाई सौ महिला कर्मचारियों के संशोधित आदेश जारी कर निकट जनपदों में तैनात किया गया है लेकिन अब भी विकलांग युगल दंपति, सेवानिवृत्ति में दो वर्ष से कम वाले, गंभीर बीमारी वाले तथा पदाधिकारियों आदि के तबादलों पर कोई विचार नहीं किया गया है। ऐसी स्थिति में एसोसिएशन पुनः तीनों स्थानांतरण सूची निरस्त किए जाने एवं निदेशक प्रशासन को निलंबित कर जांच की मांग करता है। एसोसिएशन ने पूर्व घोषणा के अनुसार कल 26 जुलाई को स्‍वास्‍थ्‍य महानिदेशालय का घेराव करने का ऐलान किया है।  

यहां जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रदेश अध्‍यक्ष प्रेम कुमार सिंह, प्रांतीय महामंत्री कुंवर हिरेश शरण सक्‍सेना ने कहा है कि सोमवार को 3000 से अधिक कर्मचारी स्वास्थ्य भवन का घेराव करेंगे। नेताद्वय ने कहा है कि मिनिस्ट्रियल के इस आंदोलन को विभागीय, गैर विभागीय सभी संगठनों का समर्थन प्राप्त है। सभी संगठनों ने यह कहा है कि अगर मिनिस्ट्रियल के साथ इस आंदोलन में कोई कार्यवाही की गई तो उत्पीड़न के विरुद्ध सभी संगठन इसमें शामिल हो जाएंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि संगठन द्वारा महिला सदस्यों को 1000 किलोमीटर से अधिक दूर किए गए स्थानांतरण के मुद्दे को उठाने के उपरांत कल रात में निदेशक प्रशासन द्वारा लगभग ढाई सौ स्थानांतरण संशोधित करते हुए आसपास के जिलों में महिला कर्मियों को तैनाती दी गई। परंतु दिव्यांगों, युगल दंपति‍, दो वर्ष से कम सेवानिवृत्त, गंभीर बीमारी, पदाधिकारियों आदि पर कोई विचार निदेशक प्रशासन द्वारा नहीं किया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुरुषों को तीन विकल्प के आधार पर निकट जनपदों में तैनाती देने का प्रस्ताव भी निदेशक प्रशासन द्वारा नहीं माना गया। उन्‍होंने कहा है कि संशोधित सूची जारी होने से यह साबित हो चुका है कि निदेशक प्रशासन द्वारा अनियमित रूप से स्थानांतरण किए गए और संगठन की बात सच साबित हुई, संगठन पुनः तीनों स्थानांतरण सूची निरस्त किए जाने एवं निदेशक प्रशाशन को निलंबित कर जांच की मांग करता है। नेताद्वय ने कहा है कि कल मिनिस्ट्रियल संवर्ग एवं अन्य सहयोगी संगठन साथियों के साथ लगभग 3000 से अधिक कर्मचारी स्वास्थ भवन का घेराव करेंगे।