- -एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग ने मनाया स्थापना दिवस

सेहत टाइम्स
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI), लखनऊ के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग (CCM) ने 17 सितंबर को अपना स्थापना दिवस अत्यंत उत्साह, उल्लास और उमंग के साथ मनाया।
स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत विभाग द्वारा प्रातःकाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा विभाग एवं संस्थान के सदस्यों को जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में योगदान के लिए प्रेरित करना था। शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता देखने को मिली, जो सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना तथा समाज की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस वर्ष विभाग ने ICU से स्वस्थ होकर लौटे मरीजों के साहस और संघर्ष को सम्मानित किया तथा कठिन परिस्थितियों में उनके साथ मजबूती से खड़े रहे उनके परिवारिक सदस्यों के धैर्य और समर्पण का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सीसीएम विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बनानी पोद्दार के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर के धीमन एवं डीन प्रोफेसर मनोज जैन ने सभागार में उपस्थित जनों को संबोधित किया।
विभाग द्वारा किए जा रहे चुनौतीपूर्ण एवं महत्वपूर्ण कार्यों को रेखांकित करते हुए निदेशक ने कहा कि विभाग में बेड क्षमता बढ़ाने की दिशा में संस्थान सक्रिय रूप से प्रयासरत है।
कार्यक्रम में लगभग 10–12 ICU सर्वाइवर्स एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। सभी ने विभागीय चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा प्रदान की गई देखभाल के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार के सदस्यों ने ICU में अपने प्रियजनों के भर्ती रहने के दौरान उनके द्वारा झेले गए कठिन दौर को भावुकता से साझा किया।
ताजा कीं कठिन यात्रा की यादें
कुछ सर्वाइवर्स ने अपने अनुभवों को हास्य और सहजता के साथ साझा करते हुए उस कठिन यात्रा की यादें ताजा कीं। सभी ने विभागीय स्टाफ द्वारा प्रदान की गई करुणा, मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। विभाग की ओर से सभी सर्वाइवर्स एवं उनके परिवारजनों को छोटे-छोटे उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभाग ने ICU में पर्दे के पीछे निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने वाले स्टाफ के योगदान को भी सम्मानित किया। विभाग ने उनके निःस्वार्थ कार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रत्येक स्टाफ सदस्य को प्रशंसा स्वरूप एक छोटा उपहार प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन प्रोफेसर अफजल अजीम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times