-रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण के साथ ही संध्या को मनाया गया भव्य दीपोत्सव
सेहत टाइम्स
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी के जन्मदिन पर आज उत्तर प्रदेश के अस्पतालों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजधानी लखनऊ, वाराणसी, सैफई सहित पूरे प्रदेश में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर, आशीर्वाद का दीया जैसे कार्यक्रमों की धूम रही।

बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ
संध्या के समय जब दीप जले तो लगा मानो दीपावली आ गयी हो। बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 02 अक्टूबर) का शुभारंभ दो पृथक एवं भव्य सत्रों (सुबह एवं शाम) में अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रथम सत्र में फल वितरण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मुकेश शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ की पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया को आमंत्रित किया गया। निदेशक डॉ. बी.के.एस. चौहान, सीएमएस डॉ. हिमांशु एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव की उपस्थिति में फल वितरण और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 20 व्यक्तियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिसमें चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव सहित अधिकांश चिकित्सा एवं पैरामेडिकल क्षेत्र से जुड़े स्वास्थ्यकर्मी ही थे।
द्वितीय सत्र में सांध्यकालीन दीपोत्सव का आयोजन किया गया। सांध्य बेला में पूरे बलरामपुर चिकित्सालय परिसर को अनगिनत दियों से जगमग किया गया, जिससे अस्पताल परिसर दीपावली जैसा आलोकित हो उठा। सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किए और जनसेवा के संकल्प को पुनः दोहराया। दीपोत्सव कार्यक्रम में अस्पताल परिवार के अधिकारी व कर्मचारी ही उपस्थित रहे। इसमें निदेशक डॉ. बी.के.एस. चौहान, सीएमएस डॉ. हिमांशु, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. हाफिज, ओपीडी सिस्टर गुरप्रीत कौर, प्रभारी अधिकारी फार्मेसी जे.के. सचान, चीफ फार्मासिस्ट राजीव कुमार, चीफ फार्मासिस्ट कपिल वर्मा, हिमांशु बाबू सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।

एसजीपीजीआई, लखनऊ
संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGIMS) ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन जन-स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रमों के साथ मनाया। इन कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की एक पहल के तहत, तपेदिक (TB) से प्रभावित बच्चों को इलाज और पोषण की निगरानी के लिए गोद लेना और युवा लड़कियों का HPV टीकाकरण शामिल था।
दिन की शुरुआत लेक्चर थिएटर में एक पोस्टर प्रदर्शनी के साथ हुई, जिसमें SGPGIMS के कॉलेज ऑफ नर्सिंग और कॉलेज ऑफ मेडिकल टेक्नोलॉजी के छात्रों द्वारा तैयार किए गए लगभग 200 पोस्टर दिखाए गए। इस मौके पर एक पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य छात्रों और रेजिडेंट्स के बीच जन-स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। प्रतिभागियों ने TB जागरूकता/TB-मुक्त भारत, HPV टीकाकरण और जागरूकता, तथा ऊर्जा के गैर-नवीकरणीय स्रोतों के संरक्षण जैसे विषयों पर रंगीन और विचारोत्तेजक पोस्टर तैयार किए।
इस मौके पर SGPGIMS के डायरेक्टर पद्मश्री प्रोफ़ेसर राधा कृष्ण धीमन ने कहा कि युवा छात्रों को इतने शानदार पोस्टर बनाते हुए देखकर उन्हें अपने बचपन की यादें ताज़ा हो गईं। उन्होंने कहा कि जब वे इन युवा छात्रों को कला के ज़रिए इतनी खूबसूरती से खुद को ज़ाहिर करते हुए देख रहे थे, तो उन्हें ऐसा लगा जैसे वे अपना बचपन फिर से जी रहे हों।
प्रोफ़ेसर धीमन ने उम्मीद जताई कि टीबी-मुक्त भारत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज़न साकार होगा, HPV वैक्सीनेशन और जागरूकता समाज के हर योग्य वर्ग तक पहुँचेगी, और युवा पीढ़ी देश के कीमती प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदार बनेगी।

डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ
प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन के अवसर पर “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के श्वसन रोग विभाग एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) द्वारा क्षय रोगियों को गोद लेने एवं पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का आयोजन आज 17 सितंबर को किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अजय कुमार वर्मा द्वारा स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने अपने संबोधन में टी.बी. उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता, पोषण सहयोग तथा मरीजों द्वारा उपचार के दौरान नियमित रूप से दवा लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद संस्थान के डीन प्रो. (डॉ.) राजन भटनागर ने अपने संबोधन में “टी.बी. मुक्त भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं समाज के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान कुल 76 टी.बी. मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई तथा क्षय रोगियों को गोद लेने की पहल की गई। इस महत्वपूर्ण सामाजिक पहल में जितेंद्र नारायण, समाजसेवी, एवं सत्येंद्र कुमार, नर्सिंग अधिकारी, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पोषण पोटली के माध्यम से टी.बी. मरीजों को उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर संस्थान के चिकित्सकगण, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, एनटीईपी टीम, टी.बी. मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

यूपीएमएस, सैफई
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यूपीएमएस, सैफई में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें रक्तदान शिविर, PMR विभाग के तत्वावधान में दिव्यांगजन कल्याण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। संपूर्ण विश्वविद्यालय परिसर में 10,051 दीप प्रज्ज्वलित किये गये।
कुलपति प्रो अजय सिंह के अनुसार इस मौके पर संस्थान में 70 वर्ष से अधिक आयु वाले मरीजों के लिए आयुष्मान काउंटर प्रारम्भ किया गया। इसके साथ ही दिव्यांग मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी में रजिस्ट्रेशन और दवा वितरण काउंटर खोले गये।

एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय, वाराणसी
एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय, वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर चिकित्सालय के द्वारा वृहद रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, साथ ही मरीजों को फल वितरण भी किया गया। शाम को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत पूरे हॉस्पिटल परिसर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times