Wednesday , September 16 2026

केएसएसएससीआई के प्रो प्रमोद कुमार गुप्ता एफआईसीआरओ पुरस्कार के लिए चयनित

-2026 के इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए देश भर से सात लोगोेें को चुना गया

प्रो प्रमोद कुमार गुप्ता

सेहत टाइम्स

लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियालिटी कैंसर इंस्टीट्यूट (केएसएससीआई), लखनऊ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता का चयन एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (एआरओआई) द्वारा प्रतिष्ठित एफआईसीआरओ (फेलोशिप ऑफ द इंडियन कॉलेज ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजी) पुरस्कार 2026 के लिए किया गया है।

यह पुरस्कार रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, कैंसर जागरूकता, शिक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में डॉ. गुप्ता के महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता प्रदान करता है। रोगी उपचार, क्लिनिकल अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों ने केएसएससीआई में उच्चतम, प्रमाण-आधारित एवं बहुविषयक कैंसर उपचार को बढ़ावा दिया है।

इस सम्मान का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि इस वर्ष देशभर से केवल सात रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट का चयन इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए किया गया है। यह चयन शैक्षणिक उपलब्धियों तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के आधार पर किया गया है।

अपनी प्रतिक्रिया में डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा, “एआरओआई द्वारा FAICRO पुरस्कार 2026 के लिए चयनित होना मेरे लिए अत्यंत सम्मान और विनम्रता का विषय है। मैं अपने मार्गदर्शकों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों, परिवार और कैंसर रोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।” उन्हें यह पुरस्कार 4 दिसंबर 2026 को हैदराबाद में आयोजित एआरओआईकॉन 2026 के दौरान प्रदान किया जाएगा।

केएसएससीआई के निदेशक प्रो. एम. एल. बी. भट्ट ने डॉ. गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है और यह केएसएससीआई की उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं, अनुसंधान व नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।