Sunday , September 13 2026

मुख्यमंत्री ने बताये चिकित्सा संस्थान को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने के तीन मंत्र

-डॉ राम मनोहर लोहिेया आयुर्विज्ञान संस्थान ने मनाया षष्ठम स्थापना दिवस

-छह सेवाओं का हुआ लोकार्पण, संकाय और नर्सिंग पुरस्कार भी दिये गये 

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज का समय टेक्नोलॉजी, रिसर्च और इनोवेशन का है। हमें चिकित्सा क्षेत्र में हीलिंग, लर्निंग और डिस्कवरी—इन तीनों को साथ लेकर चलना होगा, तभी कोई चिकित्सा संस्थान वास्तविक अर्थों में क्लिनिकल, एकेडमिक एवं रिसर्च एक्सीलेंस का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने ये विचार आज 13 सितम्बर को डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अपने सम्बोधन में व्यक्त किये। योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के षष्ठम स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट सहित संस्थान में नवीन चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 85 मेडिकल कॉलेज और दो AIIMS सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। MBBS की सीटों की संख्या 4,690 से बढ़कर 13,600 से अधिक हो गई है, जबकि PG की सीटें 3,564 से बढ़कर 5,067 हुई हैं। प्रदेश में 26 नर्सिंग कॉलेज संचालित हैं, जबकि 33 निर्माणाधीन हैं। यही हमारे हेल्थ स्ट्रक्चर की बैकबोन हैं।

पूरी दुनिया ने देखी भारत की वैज्ञानिक क्षमता

मुख्यमंत्री ने कहा कि​ कोविड कालखंड ने भारत की वैज्ञानिक क्षमता का परिचय पूरी दुनिया को कराया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारे वैज्ञानिकों ने मात्र 9 माह में कोविड-19 की दो वैक्सीन विकसित कीं और भारत ने स्वयं के साथ लगभग 100 मित्र देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई। यह आत्मनिर्भर भारत की शक्ति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महज 6 वर्षों की अवधि में संस्थान ने चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में जिस गति से प्रगति की है, वह अभिनंदनीय है।

कार्यक्रम में 194 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करने का परिणाम है कि हम ताल ठोककर मंच पर नए टेक्नीशियंस और फैकल्टी मेंबर्स को बुलाकर सम्मानजनक ढंग से उन्हें नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि आज डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण हुआ है। शीघ्र ही यहां बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा भी प्रारंभ होने जा रही है। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्यों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन किया गया।

इस मौके पर हुआ छह सेवाओं का लोकार्पण:

1) रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के अन्तर्गत इंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना का लोकार्पण

2) ऑन्कोलॉजी भवन में पी.एम.आर. विभाग के अन्तर्गत नेविगेटेड आर.टी.एम.एस. मशीन की स्थापना का लोकार्पण

3) ऑन्कोलॉजी भवन में रेडियोलॉजी विभाग के अन्तर्गत 1.5 टेस्ला एम.आर.आई. मशीन की स्थापना का लोकार्पण

4) ऑन्कोलॉजी भवन में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के अन्तर्गत स्थापित 4-डी सी.टी. सिमुलेटर मशीन की स्थापना का लोकार्पण

5) हॉस्पिटल ब्लॉक में तैयार किये गये 40 बेडेड इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण

6) मुख्य चिकित्सा भवन में छठे एवं सातवें तल पर अंग प्रत्यारोपण यूनिट…

समारोह में प्रदान किये गये संकाय एवं नर्सिंग पुरस्कार 

1. निदेशक उत्कृष्टता पुरस्कार – डॉ. विक्रम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं विभागाध्यक्ष, जनरल मेडिसिन विभाग

2. डॉ. आलोक श्रीवास्तव – प्रोफेसर, यूरोलॉजी विभाग

3. डॉ. अजय कुमार वर्मा – प्रोफेसर, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग

4. डॉ. ऋचा चौधरी – प्रोफेसर, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग

5. डॉ. आशीष चंद्र अग्रवाल – एडिशनल प्रोफेसर, ईएनटी विभाग

6. डॉ. रश्मि कुमारी – एडिशनल प्रोफेसर, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग

7. डॉ. मिली सेंगर – एसोसिएट प्रोफेसर, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग

8. डॉ. आयुषी विग – असिस्टेंट प्रोफेसर, पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग

9. डॉ. पद्मनिधि अग्रवाल – असिस्टेंट प्रोफेसर, दंत चिकित्सा विभाग

10. डॉ. शिवम वर्मा – असिस्टेंट प्रोफेसर, फिजियोलॉजी विभाग

11. नर्सिंग में निदेशक मेरिट पुरस्कार – उमा पांडेय

12. नर्सिंग में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार – मुख्य नर्सिंग अधिकारी (CNO) सुमन सिंह

इस मौके पर डॉ एसएस नाथ की पुस्तक CRITICAL CARE PEARLS- CASE BASED DISCUSSIONS और डॉ अजय कुमार वर्मा की पुस्तक सीओपीडी: ”सही जानकारी, सही देखभाल” का विमोचन किया गया।

समारोह में संस्थान द्वारा वर्ष 2025–26 की प्रमुख उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समारोह में विशिष्ट अतिथियों में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह तथा संस्थान के उपाध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, संस्थान के अधिकारी, संकाय सदस्य, चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।