Friday , September 18 2026

केजीएमयू में ब्रेन हैमरेज का एंडोवैस्कुलर तकनीक से उपचार

-इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी और एनेस्थीसिया के चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक दिया प्रक्रिया को अंजाम

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के चिकित्सकों ने ब्रेन हैमरेज पीडि़त 45 वर्षीय महिला को एंडोवैस्कुलर तकनीक से इलाज करके नया जीवन दिया है। ज्ञात हो यह तकनीक रक्त वाहिकाओं (धमनियों और नसों) के भीतर की जाने वाली एक न्यूनतम इनवेसिव (कम चीर-फाड़ वाली) आधुनिक चिकित्सा प्रक्रिया है।

मीडिया सेल से जारी विज्ञप्ति से मिली जानकारी के अनुसार महिला के दिमाग की दाहिने पिकॉम आर्टरी में एन्यूरिज्म के फटने के कारण ब्रेन हैमरेज हो गया। ऐसी दशा में मरीज को तेज सिरदर्द, उल्टी एवम अत्यधिक कमजोरी हो गई थी। तत्काल उपचार न होने की स्थिति मरीज के लिए जानलेवा हो सकती है। जांच में मरीज की गंभीरता के दृष्टिगत इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के डॉक्टर्स द्वारा एंडोवैस्कुलर तकनीक से इलाज करने का निर्णय लिया गया।

प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत हुआ उपचार

मरीज की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन आयुष्मान कार्ड धारक होने के कारण प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के सहयोग से मरीज की इलाज में लगने वाले सामानों की व्यवस्था की गयी। मरीज को बैलून की सहायता से रेडियोलॉजी एवम एनेस्थीसिया विभाग के सहयोग से रेडियोलॉजी विभाग के डॉ. मनोज कुमार एवम डॉ. सौरभ कुमार ने मरीज का उपचार कुशलता पूर्वक संपन्न किया।

विज्ञप्ति के अनुसार 17 सितंबर को मरीज एक्सटुबेट हुई एवम पूर्णतः स्वस्थ है। मरीज ने इसके लिए केजीएमयू के चिकित्सकों का धन्यवाद दिया एवम आयुष्मान योजना प्रारम्भ करनेवाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर बधाई देते हुए सदैव आयुष्मान भव: की शुभकामनाएं दी हैं। मरीज ने बताया कि पीएम आयुष्मान योजना एवम केजीएमयू के चिकित्सकों के अथक सहयोग से ही हमारी जीवन बच पाना संभव हो पाया है।