Wednesday , April 1 2026

यूपी में अलर्ट जारी, कोविड प्रभावित देशों से आने वाले लोगों की जांच के निर्देश

-चीन में बढ़ते प्रकोप को देखते हुए डिप्‍टी सीएम के निर्देश

-12 से 14 दिन होम आईसोलेशन में रहने की सलाह

-कोविड संदिग्‍ध के नमूने लेकर जांच कराने की सलाह

ब्रजेश पाठक

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। चीन में फिर से कोविड का प्रकोप बढ़ने लगा है। इसके मद्देनजर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश भर में अलर्ट जारी किया है। उन्‍होंने स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग को निर्देश दिये हैं कि जांच से लेकर उपचार तक की व्यवस्था शुरू करें, उन्‍होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि एयरपोर्ट पर चौकसी बढ़ा दी जाये। संक्रमण प्रभावित देशों की यात्रा से लौटे लोगों की जांच करायी जाये। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की जिनोम सीक्वेंसिंग कराई जाए, ताकि वायरस के वैरिएंट का पता लगाया जा सके।

बुधवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी सीएमओ और चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण प्रभावित देश से आने वाले यात्रियों की जांच सुनिश्चित की जाये। जीनोम सीक्‍वेंसिंग करायी जाये ताकि नये वैरिएंट की सटीक जानकारी पता लग सके। उन्‍होंने कहा कि सर्दी-जुकाम और बुखार समेत अन्य लक्षण वाले यात्रियों को चिन्हित करें, कोविड संदिग्ध के नमूने लेकर जांच कराई जाये।

उन्‍होंने निर्देश दिये हैं कि इस दौरान यात्रा से लौटे लोगों को होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी जाये। स्वास्थ्य विभाग विदेश की यात्रा से लौटे लोगों की सूची बनाये। 12 से 14 दिन तक उनकी सेहत का हाल लें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जाये। 

जांच व उपचार की पर्याप्‍त व्‍यवस्‍था रखें

उप मुख्‍यमंत्री ने कहा है कि कोविड संक्रमितों की भर्ती की व्यवस्था करें। ऑक्सीजन से लेकर आरटीपीसीआर, सीटी स्कैन, एक्सरे, पैथोलॉजी की जांच से जुड़े संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था कर लें। मास्क, पीपीई किट व ग्लब्स आदि भी पर्याप्त मात्रा में जुटा लें। उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की व्यवस्था करें।

सतर्क रहने की सलाह

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चीन में संक्रमण का खतरा फिर से बढ़ गया है। सावधानी बरतकर कोविड के खतरों से खुद को बचा सकते हैं। भीड़-भाड़ में बिना जरूरत जाने से बचें। मास्क लगाकर ही बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि जागरूकता से कोरोना को मात दी सकती है। सतर्कता बरतें, दिशा-निर्देशों का पालन करें। इससे आसानी से संक्रमण से मुकाबला किया जा सकता है।