Thursday , October 1 2026

एसजीपीजीआई में सुरक्षा कर्मी की सतर्कता से ठगे जाने से बची महिला

-गहने उतारकर देती महिला पर नजर पड़ते ही सक्रिय हुआ गार्ड, भागते ठग को दौड़ाकर पकड़ा

सेहत टाइम्स

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS), लखनऊ के नवीन OPD भवन में एक ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। नवीन OPD में तैनात सुरक्षा गार्ड ने देखा कि एक वृद्ध महिला अपने गहने उतारकर पास खड़े एक अज्ञात व्यक्ति को सौंप रही थी। संदेह होने पर जब गार्ड ने महिला से इसका कारण पूछा, तो वह व्यक्ति गहने लेकर वहां से भागने लगा।

सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए पीछा करके उस व्यक्ति को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इस बीच वहां अन्य सुरक्षा गार्ड भी एकत्रित हो गए। पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से पीली धातु का एक लॉकेटनुमा मंगलसूत्र एवं पीली धातु की एक कान की बाली बरामद हुई। पीड़ित वृद्ध महिला ने पुष्टि की कि बरामद गहने उसी के हैं।

महिला ने बताया कि उसका बेटा OPD फार्मेसी में दवाई लेने गया हुआ था। इसी बीच अभियुक्त उसके पास आया और झांसा दिया कि डॉक्टर साहब उसे घुटनों की जांच के लिए बुला रहे हैं। उसने महिला से कहा कि जांच कक्ष में गहने पहनकर जाना मना है, इसलिए वह अपने गहने उतारकर उसे दे दे। महिला जब झांसे में आकर गहने दे रही थी, तभी सुरक्षा गार्ड वहां पहुंच गया।

एसजीपीजीआई के सहायक सुरक्षा अधिकारी धनंजय कुमार पांडेय द्वारा अभियुक्त गुरु प्रसाद के विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं में तत्काल मुकदमा (FIR) दर्ज करने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।