-केजीएमयू और मैनिटोबा विश्वविद्यालय के बीच एमओयू हस्ताक्षरित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) और कनाडा की प्रतिष्ठित University of Manitoba (UoM) के बीच आज शोध, प्रशिक्षण, छात्र-फैकल्टी विनिमय और वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ब्राउन हॉल, प्रशासनिक भवन, KGMU में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के नेतृत्व में हुआ।
University of Manitoba कनाडा की प्रमुख मेडिकल-डॉक्टोरल और अत्यधिक शोध-केंद्रित विश्वविद्यालयों में से एक है, जिसकी स्थापना 1877 में हुई थी और जो मैनिटोबा प्रांत का सबसे बड़ा शोध विश्वविद्यालय है। इसमें दो मुख्य कैंपस तथा अनेक सैटेलाइट इकाइयां हैं तथा हेल्थ साइंसेज़, इंजीनियरिंग, सार्वजनिक स्वास्थ्य, वैश्विक स्वास्थ्य एवं बहुविषयक अनुसंधान में अग्रणी भूमिका है। विश्वविद्यालय का कुल वार्षिक बजट लगभग 1.16 बिलियन डॉलर है और यह वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं नवाचार अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
इस MoU के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएँ, क्लिनिकल एवं अकादमिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, छात्र एवं फैकल्टी एक्सचेंज तथा वैश्विक स्वास्थ्य पहलों पर मिलकर कार्य करेंगे। साथ ही University of Manitoba द्वारा विभिन्न सहयोगी कार्यक्रमों के लिए समय-समय पर वित्तीय सहयोग एवं प्रोजेक्ट आधारित बजट समर्थन भी प्रदान किया जाएगा।
कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि “यह साझेदारी KGMU को अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के नए आयामों से जोड़ेगी और हमारे छात्रों एवं शिक्षकों को विश्व स्तरीय अवसर प्रदान करेगी।”
यह सहयोग KGMU के अंतरराष्ट्रीयरण, उच्च गुणवत्ता अनुसंधान, नवाचार एवं वैश्विक स्वास्थ्य नेतृत्व को और सुदृढ़ करेगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times