Thursday , April 2 2026

श्रीचित्रगुप्‍त धाम स्‍थापना दिवस समारोह के मुख्‍य अतिथि होंगे डॉ दिनेश शर्मा

-कई कैबिनेट मंत्री भी लेंगे समारोह में हिस्‍सा, हषोल्‍लास के साथ स्‍थापना दिवस मनाने की तैयारियां

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। कायस्‍थ फाउंडेशन ट्रस्‍ट द्वारा राजधानी लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर के सामने झूलेलाल वाटिका स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त धाम का स्थापना दिवस 6 सितंबर को सायं 4 बजे से सोशल डिस्टेंस के साथ मनाया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि स्थापना दिवस पर भगवान श्री चित्रगुप्त कथा, सभी के कल्याण के लिए पूजन, हवन, आरती होगी। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, वरिष्ठ विधायक डॉ अरुण कुमार, पूर्व विधानपरिषद सदस्य विंध्यवासिनी कुमार, महापौर संयुक्ता भाटिया, संरक्षक विनोद विहारी वर्मा, आलोक रंजन, स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना की उपस्थिति रहेगी।

उन्‍होंने बताया कि मंदिर में फूलों, गुब्बारों से सजावट होगी तथा भगवान का श्रृंगार, नए वस्त्र पहनाये जाएंगे। भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर अयोध्या से प्राप्त धर्म ध्वजा भी 6 सितंबर को लगवाई जाएगी। भगवान श्री चित्रगुप्त जी को देशी घी का हलवा, पांच प्रकार के फल, मिष्ठान्न का भोग लगाया जाएगा। प्रसाद में कलम भी वितरित किया जाएगा।

कायस्थ फाउंडेशन ट्रस्‍ट के अध्यक्ष दिनेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि सभी इस कार्यक्रम में लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

फाउंडेशन ट्रस्‍ट के महामंत्री मनोज डिंगर ने तैयारियों के संदर्भ में बताया कि भगवान के वस्त्र, सजावट की जिम्मेदारी महिलाओं ने ली है। गंगा जल, दूध से भगवान को स्नान भी कराया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि यह दिन हम सभी भक्तों के लिए महत्वपूर्ण है।