-मुख्यमंत्री ने कहा, जनसुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं

सेहत टाइम्स
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों, जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों तथा होटलों में फायर एनओसी की स्थिति का तत्काल सत्यापन कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने ये निर्देश रविवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों की फायर एनओसी की वैधता समाप्त होने वाली है अथवा जिनके पास वैध फायर एनओसी उपलब्ध नहीं है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
इस बैठक में मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक अवसंरचना, ग्रामीण आजीविका, ऊर्जा, कृषि, डेटा सेंटर, ईवी चार्जिंग तथा अन्य जनहितकारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो। विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times