Saturday , June 27 2026

गर्भाशय की अंदरूनी परत के कैंसर की शीघ्र डायग्नोसिस व सटीक उपचार पर दिया जोर

-एंडोमेट्रियल कैंसर अवेयरनेस मंथ के अवसर पर कल्याण सिंह अतिविशिष्ट कैंसर संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित 

सेहत टाइम्स

लखनऊ। एंडोमेट्रियल कैंसर (गर्भाशय की अंदरूनी परत का कैंसर) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा इसके शीघ्र निदान एवं सटीक उपचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में “एंडोमेट्रियल कैंसर अवेयरनेस मंथ” के अंतर्गत एक वैज्ञानिक अद्यतन बैठक (Scientific Update Meeting) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “एंडोमेट्रियल कैंसर में जागरूकता, शीघ्र निदान एवं सटीक उपचार को आगे बढ़ाना” रही।

समय रहते पहचान जरूरी

कार्यक्रम की अध्यक्षता, स्त्री एवं स्त्रीरोग कैंसर की विभागाध्यक्ष प्रो. सबूही कुरैशी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने एंडोमेट्रियल कैंसर के जोखिम कारकों, प्रारंभिक लक्षणों, समय पर जांच के महत्व तथा उपचार में हो रही नवीनतम प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रोग की समय रहते पहचान एवं उचित उपचार से मरीजों के उपचार परिणामों में उल्लेखनीय सुधार संभव है तथा इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

वैज्ञानिक सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा एंडोमेट्रियल कैंसर के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। डॉ. रूमिता सिंह ने “आइए एंडोमेट्रियल कैंसर को जानें” विषय पर, डॉ. सौम्या गुप्ता ने “एंडोमेट्रियल कैंसर के उपचार में नवीनतम अपडेट” विषय पर तथा डॉ. अभिषेक तिवारी ने “उन्नत अवस्था के एंडोमेट्रियल कैंसर में हाल के क्लीनिकल ट्रायल एवं सर्वाइवल पर उनका प्रभाव” विषय पर व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम का समापन विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता से आयोजित मल्टीडिसिप्लिनरी केस डिस्कशन (MDC) के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी शंकर श्रीवास्तव एवं डॉ. आरती त्रिवेदी ने किया। इस वैज्ञानिक बैठक में संस्थान के संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, मरीजों के तीमारदारों तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की और एंडोमेट्रियल कैंसर के निदान एवं उपचार से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक जानकारियों से लाभान्वित हुए।

असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव को नजरंदाज न करें

इस अवसर पर विशेषज्ञों ने महिलाओं से अपील की कि वे असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव (Abnormal Uterine Bleeding) अथवा किसी भी संदिग्ध लक्षण की उपेक्षा न करें तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता, शीघ्र निदान एवं सटीक उपचार ही एंडोमेट्रियल कैंसर के प्रभावी प्रबंधन और बेहतर उपचार परिणामों की कुंजी हैं।