-एक्सप्रेस वे पर बस दुर्घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिये निर्देश
-बस दुर्घटना में तीन की मौत और बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की सूचना

सेहत टाइम्स
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी एक्सप्रेस वे पर निर्धारित गति में वाहन चलाने और चालक के नशे में न होने के नियम का अनिवार्य अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने ये निर्देश आज आगरा एक्सप्रेस वे पर हुई बस दुर्घटना पर दु:ख जताते हुए दिये हैं। बता दें कि इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत तथा बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
बताया गया है कि राजस्थान से बिहार जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गयी और 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। उप मुख्यमंत्री द्वारा अपर मुख्य सचिव गृह विभाग, आयुक्त परिवहन विभाग, मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को लिखे अपने पत्र में कहा है की आगरा एक्सप्रेस वे के जीरो माइल पर आज 9 नवंबर को हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विघारक है। बस में छठ मनाने बिहार जा रहे श्रद्धालु सवार थे।
उप मुख्यमंत्री ने 9 नवम्बर को भेज अपने निर्देश में कहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए उचित होगा कि प्रदेश में सभी एक्सप्रेस वे पर चलने वाले वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, इसके लिए समय-समय पर वाहन चालकों की काउंसलिंग कराए जाने की व्यवस्था भी की जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि प्रत्येक वाहन चालक का एक्सप्रेस वे पर जाने से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने की व्यवस्था भी की जाए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि तत्समय वाहन चालक ने मादक पदार्थों का सेवन नहीं किया है।
यह भी पढ़ें – क्या वाहनोंं की हेडलाइट के रिफ्लेक्शन से होने वाली बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं हम ?

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times