-केजीएमयू में आयोजित हुई एक दिवसीय कार्यशाला TRUST 2026

सेहत टाइम्स
लखनऊ। स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रॉमा के मरीजों के प्रारंभिक आकलन, जानलेवा चोटों की शीघ्र पहचान, प्रबंधन एवं पुनर्जीवन (Resuscitation) में अल्ट्रासाउंड के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग द्वारा सोसाइटी ऑफ ट्रॉमा इंटेंसिव केयर के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला TRUST 2026 (Trauma Resuscitation Using Sonography for Triage) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य थीम “From Primary Survey to Definitive Resuscitation” रही। इसमें विशेष रूप से Point-of-Care Ultrasound (POCUS) की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इसके माध्यम से गंभीर रूप से घायल मरीजों में जानलेवा स्थितियों की शीघ्र पहचान, बेडसाइड पर तत्काल मूल्यांकन तथा समय पर उचित चिकित्सकीय निर्णय लेने में सहायता मिलती है। ट्रॉमा के उपचार में अल्ट्रासाउंड का समुचित उपयोग त्वरित निदान, रिससिटेशन की बेहतर योजना और मरीजों के उपचार परिणामों में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस CME में विभिन्न चिकित्सकीय विभागों एवं अलग-अलग चिकित्सा संस्थानों के डॉक्टरों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पांच विशेष हैंड्स-ऑन वर्कस्टेशन आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों को ट्रॉमा मरीजों के मूल्यांकन एवं प्रबंधन में अल्ट्रासाउंड के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. मोनिका कोहली, विभागाध्यक्ष, एनेस्थीसियोलॉजी विभाग एवं डॉ. दिनेश कौशल के मार्गदर्शन में किया गया। डॉ. जिया अरशद कार्यक्रम के प्रोग्राम डायरेक्टर थे।
गोल्डन ऑवर में जान बचाने में अहम भूमिका
कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. राम गोपाल मौर्य ने बताया कि ट्रॉमा मरीजों के उपचार में अल्ट्रासाउंड का प्रभावी उपयोग दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण गोल्डन ऑवर में मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि बेडसाइड अल्ट्रासाउंड के व्यापक उपयोग से जानलेवा चोटों की समय पर पहचान और उचित रिससिटेशन संभव हो सकेगा, जिससे ट्रॉमा से होने वाली मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
इस पहल के माध्यम से KGMU के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग ने ट्रॉमा एवं क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा, व्यावहारिक कौशल विकास तथा आधुनिक और साक्ष्य-आधारित बेडसाइड अल्ट्रासाउंड तकनीकों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। TRUST 2026 का मुख्य संदेश रहा कि समय पर अल्ट्रासाउंड जांच, त्वरित चिकित्सकीय निर्णय और उचित रिससिटेशन गंभीर रूप से घायल मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times