-उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल ने केजीएमयू को उपलब्ध करायी एआई तकनीक से लैस पोर्टेबल मशीन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। टीबी (क्षय रोग) की जांच सुविधाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल द्वारा किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से लैस हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है।
पोर्टेबल एक्स-रे तकनीक की मदद से मरीजों को पारंपरिक एक्स-रे केंद्र तक ले जाए बिना, निदान और उपचार स्थल पर ही एक्स-रे किया जा सकता है। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक को भी जोड़ा गया है, जो छाती के एक्स-रे की जांच और फेफड़ों की टीबी से जुड़े संभावित असामान्य लक्षणों की पहचान करने में मदद करती है। इससे बीमारी का शुरुआती स्तर पर आकलन करना आसान होगा और समय पर उपचार शुरू करने में सहायता मिलेगी।
रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि हमारे विभाग में पहले से ही पर्याप्त आधुनिक डिजिटल एक्स-रे सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद, नई एआई तकनीक से लैस पोर्टेबल मशीन से जांच की गति बढ़ेगी और मरीजों को अधिक आसानी तथा सुविधा मिलेगी। इस मशीन की मदद से लगभग एक मिनट में एक्स-रे की तस्वीर उपलब्ध हो जाती है। इसके अलावा, एक्स-रे की तस्वीरें भविष्य में उपयोग के लिए मरीजों या उनके परिजनों के साथ सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से भी साझा की जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि हमारे विभाग में बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। ऐसे में यह तकनीक एक्स-रे जांच की व्यवस्था को बेहतर बनाने और मरीजों की भीड़ कम करने में सहायक होगी। मशीन को आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है, जिससे गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों का उनके बिस्तर पर ही एक्स-रे किया जा सकेगा।
शिविरों में भी हो सकेगा उपयोग
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के नेशनल टास्क फोर्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविरों में भी इस मशीन का उपयोग किया जा सकेगा। इससे समुदाय के बीच जाकर टीबी के मरीजों की सक्रिय रूप से पहचान करने और बीमारी का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी। यह मशीन टीबी के खिलाफ हमारी सामूहिक लड़ाई और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण सहायक उपकरण साबित होगी। इस उपयोगी पहल के लिए मैं उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इस अवसर पर विभाग के एक्स-रे तकनीशियनों को मशीन के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
जांच की दिशा में बड़ा कदम : कुलपति
केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक से युक्त हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की स्थापना टीबी की शीघ्र पहचान और प्रभावी जांच की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस आधुनिक तकनीक से मरीजों को कम समय में जांच की सुविधा मिलेगी। यह पहल टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
मशीन की स्थापना के अवसर पर डॉ. राजेश झा राज्य टीबी अधिकारी, डॉ. ऋषि सक्सेना उप राज्य टीबी अधिकारी उत्तर प्रदेश, डॉ. दर्शन के. बजाज नोडल अधिकारी, डॉ. ज्योति बाजपेयी एसोसिएट प्रोफेसर तथा डॉ. अंकित कटियार एसोसिएट प्रोफेसर रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के साथ ही विभाग के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर और डॉट्स सेंटर के कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त है रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग
रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन सेंटर (पीआरसी) भी संचालित है। यहां सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क और व्यापक पुनर्वास सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इसमें टीबी के बाद होने वाली फेफड़ों की बीमारी (पोस्ट ट्यूबरकुलोसिस लंग डिजीज- पीटीएलडी) से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं। नई एक्स-रे मशीन से पीटीएलडी मरीजों की जांच, एक्स-रे के माध्यम से बीमारी का आकलन और नियमित फॉलोअप करने में भी मदद मिलेगी। इससे इन मरीजों का बेहतर उपचार और देखभाल संभव हो सकेगी।
विभाग द्वारा लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण, पिछड़े तथा मलिन बस्तियों वाले इलाकों में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविर भी लगातार आयोजित किए जाते हैं। एआई तकनीक से लैस पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने से इन शिविरों को और मजबूती मिलेगी। शिविर स्थल पर ही छाती का एक्स-रे करने की सुविधा से अधिक लोगों की जांच की जा सकेगी और संभावित टीबी मरीजों की शुरुआती स्तर पर पहचान करना आसान होगा। विशेष रूप से दूर-दराज और सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं वाले क्षेत्रों में यह तकनीक काफी उपयोगी साबित होगी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times