Thursday , April 30 2026

डिप्लोमा फार्मासिस्ट्स की मांगों पर वार्ता के लिए शासन ने 6 मई को बुलायी बैठक

-पदोन्नति, वेतन विसंगति के मुद्दों पर बातचीत होने की आशा जतायी डीपीआर ने

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारियों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। राजीव कुमार कनौजिया (प्रांतीय प्रवक्ता, उत्तर प्रदेश एवं जिला अध्यक्ष, डीपीआर लखनऊ) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जे.के. सचान और महामंत्री की निरंतर सक्रियता व सफल पैरवी के परिणामस्वरूप शासन ने वार्ता का द्वार खोल दिया है।

उन्होंने बताया कि ​महानिदेशालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा जारी निर्देशानुसार, एसोसिएशन की मांगों पर विचार-विमर्श के लिए आगामी 6 मई को सायं 04:30 बजे, सचिवालय स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग करेंगे।

प्रांतीय प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पूरी मजबूती के साथ बैठक में अपना पक्ष रखेगा। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि शासन के साथ इस सीधे संवाद से संवर्ग की पदोन्नति, वेतन विसंगति और अन्य सेवा संबंधी बाधाओं का स्थाई और न्यायोचित समाधान निकलेगा।

राजीव कुमार कनौजिया ने कहा कि यह बैठक प्रदेश के समस्त फार्मासिस्टों के धैर्य और नेतृत्व की कुशलता की जीत है। शासन की यह पहल सराहनीय है और इससे पूरे संवर्ग में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।