-केजीएमयू में माइक्रोस्कोपिक स्कल बेस एप्रोच पर कैडैवरिक वर्कशॉप आयोजित
-न्यूरोसर्जरी विभाग ने एनाटॉमी विभाग, न्यूरोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया व बोर्ड ऑफ एजुकेशन के सहयोग से किया आयोजन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ के न्यूरोसर्जरी विभाग द्वारा एनाटॉमी विभाग, न्यूरोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया (NSI) व बोर्ड ऑफ एजुकेशन (BOE) के सहयोग से “माइक्रोस्कोपिक स्कल बेस एप्रोच” विषय पर एक दिवसीय कैडैवरिक वर्कशॉप का आयोजन किया गया।

एनाटॉमी विभाग के कैडैवरिक स्किल लैब में 25 अप्रैल को हुए इस वर्कशॉप का आयोजन प्रो. बी.के. ओझा, विभागाध्यक्ष, न्यूरोसर्जरी तथा डॉ. नवनीत चौहान, विभागाध्यक्ष, एनाटॉमी की अध्यक्षता में किया गया। डॉ. अंकुर बजाज, आयोजन सचिव, ने इसकी योजना, समन्वय एवं सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्कशॉप में कुल 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, तमिलनाडु एवं गुजरात से आए प्रतिभागियों ने इस वर्कशॉप में भाग लिया। प्रतिभागियों को FTOZ क्रैनियोटॉमी, एक्स्ट्राड्यूरल क्लिनॉइडेक्टॉमीप एवं कैवर्नस साइनस एक्सपोजर तथा एंटीरियर पेट्रोसेक्टॉमी जैसे उन्नत स्कल बेस तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस वर्कशॉप की विशेष उपलब्धि कैडैवर की उन्नत तैयारी रही। एनाटॉमी विभाग से प्राप्त सभी छह फ्रेश-फ्रोजन कैडैवर को विशेष रूप से तैयार किया गया। सामान्यतः केवल एक डेमोंस्ट्रेशन कैडैवर तैयार किया जाता है, लेकिन इस वर्कशॉप में सभी छह कैडैवर में विशेष इंजेक्शन देकर तैयार किया गया, जिससे प्रत्येक प्रतिभागी को वास्तविक सर्जरी जैसी अनुभूति के साथ अभ्यास करने का अवसर मिला।
इस अभ्यास के लिए विशेष सिलिकॉन डाई, जो भारत में उपलब्ध नहीं है, अमेरिका से मंगाई गई। इस डाई को दोनों ओर की कैरोटिड धमनियों, इंटरनल जुगुलर शिराओं तथा वर्टिब्रल आर्टरी में इंजेक्ट किया गया, जिससे धमनियाँ लाल और शिराएँ नीली दिखाई दीं। इससे सर्जरी के दौरान वास्तविक संरचनाओं का उत्कृष्ट अनुभव प्राप्त हुआ।
यह तैयारी वर्कशॉप से एक दिन पूर्व लगभग आठ घंटे में डॉ. अंकुर बजाज, डॉ. देबार्शी चटर्जी (न्यूरोसर्जन, कोलकाता) एवं रेजिडेंट्स की टीम द्वारा की गई।
एनाटॉमी विभाग के डॉ. नवनीत चौहान द्वारा कैडैवर एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया।
केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने प्रो. बी.के. ओझा, डॉ. अंकुर बजाज एवं पूरी टीम को इस सफल एवं शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण वर्कशॉप के आयोजन के लिए बधाई दी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times