-एमबीबीएस डिग्री, प्रैक्टिस का लाइसेंस, पीजी की पढ़ाई की पात्रता तय करेगी यह एक परीक्षा
-नेशनल मेडिकल कमीशन ने जारी की नयी गाइड लाइंस, नीट पीजी परीक्षा होगी समाप्त
-2022 बैच से आगे प्रवेश लेने वाले सभी MBBS छात्रों पर लागू होगी NExT परीक्षा

सेहत टाइम्स
लखनऊ। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने 2022 और इसके बाद से एमबीबीएस में प्रवेश लेने वाले सभी स्टूडेंट्स को नेशनल एक्जिट टेस्ट National Exit Test (NExT) परीक्षा को उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया है। यह परीक्षा दो चरणों में होगी। पहले चरण में थ्योरी पर आधारित परीक्षा (फाइनल एमबीबीएस लेवल) एमबीबीएस के अंतिम वर्ष में और दूसरे चरण की परीक्षा इंटर्नशिप के बाद नैदानिक और व्यावहारिक मूल्यांकन Clinical and practical assessment के लिए होगी।
यह जानकारी नेशनल मेडिकल कमीशन के अंडर ग्रेजुएट मेडिकल एजूकेशन बोर्ड के निदेशक की ओर से आज 2 अप्रैल, 2026 को जारी कार्यालय नोटिस में दी गयी है। देश भर में एमबीबीएस शिक्षा देने वाले सभी कॉलेजों/संस्थानों के प्रधानाचार्यों और डीन को भेजी गयी इस सूचना में कहा गया है कि संशोधित रोडमैप के अनुसार यह निर्णय लिया गया है कि NExT परीक्षा 2022 बैच से आगे प्रवेश लेने वाले सभी MBBS छात्रों पर लागू होगी।
नोटिस में कहा गया है कि इस परीक्षा के उत्तीर्ण होने पर ही एमबीबीएस की डिग्री, प्रैक्टिस के लिए लाइसेंस और पीजी में प्रवेश का रास्ता साफ होगा। यानी यह एक परीक्षा MBBS अंतिम वर्ष की योग्यता परीक्षा (A final year MBBS qualifying examination), भारत में प्रैक्टिस करने के लिए लाइसेंस परीक्षा (A licentiate examination for medical practice in India) तथा पीजी की प्रवेश परीक्षा के रूप में मान्य होगी। इस प्रकार यह पहले से चली आ रही नीट-पीजी NEET-PG का स्थान लेगी।
नोटिस में सभी संबंधित संस्थानों को निर्देश देते हुए सूचित किया गया है कि वे अपने शैक्षणिक कार्यक्रम, शिक्षण पद्धतियों और मूल्यांकन प्रणालियों को नयी व्यवस्था के अनुसार तय करें। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रथम चरण की (एमबीबीएस के अंतिम वर्ष में थ्योरी पर आधारित) परीक्षा के उत्तीर्ण न होने पर उम्मीदवार इंटर्नशिप और आगे की प्रगति के लिए अयोग्य माना जाएगा। इस सम्बन्ध में विस्तार से गाइडलाइन्स जल्द जारी की जायेंगी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times