Thursday , April 2 2026

प्रोस्टेट हाईपरट्रॉफी के साक्ष्य आधारित होम्योपैथिक उपचार की प्रस्तुति के लिए डॉ गिरीश गुप्ता को लंदन से आमंत्रण

-विश्व होम्योपैथी दिवस 2026 पर यूके में 10 व 11 अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय समारोह में जुटेंगे दुनिया भर के चिकित्सक, शोधकर्ता

-लंदन कॉलेज ऑफ होम्योपैथी और एशियन होम्योपैथिक मेडिकल लीग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रही कॉन्फ्रेंस

सेहत टाइम्स

लखनऊ। यूनाइटेड किंगडम का लंदन कॉलेज ऑफ होम्योपैथी और एशियन होम्योपैथिक मेडिकल लीग के संयुक्त तत्वावधान में होम्योपैथी के जनक डॉ सैमुअल हैनिमैन की जयंती विश्व होम्योपैथी दिवस 2026 के अवसर पर यूनाइटेड किंगडम (यूके) में आगामी 10 व 11 अप्रैल को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

दुनिया भर के चिकित्सकों, शोधकर्ताओं की उपस्थिति वाली इस कॉन्फ्रेंस में लखनऊ के गौरांग क्लीनिक एंड सेंटर फॉर होम्योपैथिक रिसर्च (जीसीसीएचआर) के चीफ कन्सल्टेंट वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ गिरीश गुप्ता, जो कि एशियन होम्योपैथिक मेडिकल लीग के प्रेसीडेंट भी हैं, को स्पीकर के रूप में आमंत्रित किया गया है, कॉन्फ्रेंस में वह बुजुर्ग पुरुषों में होने वाली बीमारी prostate hypertrophy (प्रोस्टेट ग्रंथि के आकार में वृद्धि) के होम्योपैथिक दवाओं से बीते 33 वर्ष से अनवरत किये जा रहे साक्ष्य आधारित उपचार पर अपना प्रेजेन्टेशन देंगे।

‘होम्योपैथी के माध्यम से सद्भाव-सीमाओं से परे उपचार’ थीम वाले इस समारोह में पहले दिन 10 अप्रैल का कार्यक्रम हाउस ऑफ लॉर्ड्स ब्रिटिश पार्लियामेंट, यूके में तथा दूसरे दिन 11 अप्रैल का कार्यक्रम हीथ्रो के होटल रेडिसन रेड में आयोजित किया जायेगा।

पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के बीच के संबंधों को मजबूत करने वाले इस समारोह की थीम होम्योपैथी के सार को एक उपचार विज्ञान के रूप में दर्शाती है जो भौगोलिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक सभी सीमाओं से परे है, यह होम्योपैथी की उस एकजुट करने वाली क्षमता को उजागर करती है, जिसके द्वारा यह दुनिया भर के चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और शिक्षार्थियों को समग्र, साक्ष्य-आधारित और करुणापूर्ण स्वास्थ्य सेवा के एक साझा दृष्टिकोण के साथ एक मंच पर लाती है। आयोजकों के अनुसार ऐसे दौर में, जब वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियाँ एकीकृत और टिकाऊ समाधानों की मांग करती हैं, यह थीम एक ‘कॉल टू एक्शन’ (कार्य करने का आह्वान) के रूप में कार्य कर रही है।