Thursday , April 2 2026

डीपीआरए का भगीरथी प्रयास सफल, ओएसडी फार्मेसी पद पर प्रोन्नति से पहली नियुक्ति

-इकबाल अहमद को ‘विशेष कार्याधिकारी भेषजी’ बनाने का ऐतिहासिक आदेश जारी

-जेके सचान और प्रद्युम्न सिंह के प्रति जिला मंत्री ने एसोसिएशन की ओर से जताया आभार

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। ​आज का दिन डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (DPRA) के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है। लखनऊ जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने अत्यंत हर्ष के साथ यह घोषणा की है कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व की दूरदर्शिता और शासन स्तर पर की गई ‘अभेद्य’ पैरवी के फलस्वरूप इकबाल अहमद को ‘विशेष कार्याधिकारी भेषजी’ OSD Pharmacy पद पर पदोन्नत करने का ऐतिहासिक आदेश जारी हो गया है।

जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने इस सफलता को ‘भगीरथ प्रयासों’ का प्रतिफल बताते हुए कहा कि ​”यह मात्र एक पदोन्नति का आदेश नहीं है, बल्कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष जे० के० सचान और महामंत्री प्रद्युम्न सिंह के उस अटूट धैर्य और कठोर परिश्रम की विजय है, जो उन्होंने पिछले कई वर्षों से फार्मासिस्ट संवर्ग के मान-सम्मान के लिए की है। उनके द्वारा शासन के उच्च अधिकारियों और मंत्रियों के साथ की गई निरंतर बैठकों, तर्कपूर्ण प्रस्तुतीकरण और बिना थके किए गए संघर्ष ने ही आज हमें इस मुकाम पर पहुँचाया है। यह नेतृत्व की वह ‘तपस्या’ है जिसने लगभग असंभव को संभव कर दिखाया।”

राजीव कनौजिया ने समस्त जिला कार्यकारिणी की ओर से दोनों पदाधिकारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस जोड़ी ने न केवल संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है, बल्कि संवर्ग के प्रत्येक सदस्य के मन में यह विश्वास जगाया है कि जब नेतृत्व मजबूत हो, तो जीत निश्चित है। इकबाल अहमद की यह नियुक्ति हमारे कैडर के स्वर्णिम भविष्य की शुरुआत है।