-विशेषज्ञों ने दर्द प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर दिये व्याख्यान

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ के एनेस्थिसियोलॉजी विभाग द्वारा “दर्द जागरूकता सप्ताह” के तहत एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय रहा :- “राहत संभव है।
इस विशेष सत्र में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ की प्रोफेसर और पेन फिजिशियन डॉ. शिवानी रस्तोगी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. एम.एल.बी. भट्ट, और एनेस्थेशिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मो. असीम रशीद रहे। वहीं, एनेस्थिसियोलॉजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. नम्रता गुप्ता ने आयोजन सचिव और सहायक प्रोफेसर डॉ. अर्चना गौतम ने सह-आयोजन सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
सत्र के दौरान एनेस्थिसियोलॉजी विभाग और विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा दर्द प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मो. असीम रशीद द्वारा स्वागत भाषण और सी.एम.ई के संक्षिप्त परिचय के साथ हुई। इसके बाद डॉ. रुचि सक्सेना ने दर्द के सही आकलन और उसके उपकरणों के उपयोग पर जानकारी दी।
डॉ. इंदुबाला मौर्य ने ‘मेडिकल मैनेजमेंट ऑफ पेन’ विषय पर बात की, जबकि मुख्य अतिथि डॉ. शिवानी रस्तोगी ने ‘फ्रॉम नीडल्स टू रिलीफ : प्रिवेंटिव इंटरवेंशनल पेन मैनेजमेंट’ पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। शगुफ्ता अंसारी ने ‘डिपार्टमेंट पेन क्लिनिक एंड बेनेफिशियरी स्कीम्स’ के बारे में बताया। सत्र में निदेशक प्रो. एम.एल.बी.भट्ट द्वारा प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किया।
संस्थान के पेन क्लिनिक ओपीडी में कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए मॉर्फिन जैसी आवश्यक और दर्द निवारक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। संस्थान के एनेस्थिसियोलॉजी विभाग के अंतर्गत संचालित पेन क्लिनिक में मरीजों को गंभीर और पुराने कैंसर के दर्द से राहत दिलाने के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस क्लिनिक में केमिकल न्यूरोलिसिस और रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाता है। ये प्रक्रियाएं दर्द पैदा करने वाली नसों को लक्षित कर उन्हें ब्लॉक या निष्क्रिय कर देती हैं, जिससे कैंसर और अन्य जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को लंबे समय तक दर्द से प्रभावी राहत मिलती है और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times