Friday , July 3 2026

स्वास्थ्य सेवाओं में लखनऊ की शीर्ष रैंक बरकरार, लगातार दूसरे माह रहा प्रथम

-एनएचएम उत्तर प्रदेश की हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में जनपदीय और मंडलीय दोनों स्तर पर अव्वल

सेहत टाइम्स

लखनऊ। शीर्ष पर पहुंचना जितना मुश्किल होता है, उससे ज्यादा मुश्किल वहां पर टिके रहना होता है। इस मुश्किल चुनौती को लखनऊ ने स्वीकार करते हुए लगातार दूसरे माह मंडलीय और जनपदीय दोनों स्तर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तर प्रदेश की हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में प्रथम स्थान हासिल किया है। लखनऊ ने अप्रैल 2026 में और अब जारी मई-2026 हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में प्रदेश के 75 जनपदों में पहला स्थान और लखनऊ मंडल ने भी 18 मंडलों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपने कार्य को सर्वश्रेष्ठ साबित किया है।

यह जानकारी देते हुए अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ जीपी गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एनएचएम की मई 2026 की हेल्थ रैंकिंग में लखनऊ 0.75 समेकित स्कोर के साथ प्रदेश में अव्वल रहा है। कार्यों की गुणवत्ता में सुधार का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि मार्च 2026 में लखनऊ 16वें स्थान पर था, इसके बाद उल्लेखनीय सुधार करते हुए अप्रैल 2026 में शीर्ष स्थान पर पहुंचा और इस शीर्ष स्थान को मई में भी बरकरार रखा। इसे प्रदेश में सर्वाधिक रैंक सुधार के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। लखनऊ मंडल ने 0.66 समेकित स्कोर के साथ प्रदेश के सभी 18 मंडलों में पहला स्थान हासिल किया है।

कई अहम संकेतकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन

डॉ गुप्ता ने बताया कि लखनऊ ने कई अहम संकेतकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग, बीसीजी, पेंटा-1, पेंटा-2, पेंटा-3 और खसरा टीकाकरण के तहत पूर्ण टीकाकरण में भी लखनऊ ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि ‘रिवर्सिबल मेथड एक्सेप्टेड पर 1000 एलिजिबल कपल्स’ संकेतक में पिछले महीने की तुलना में 425.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। इसके अलावा परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत अस्थायी और स्थायी साधनों को अपनाने के मामले में भी लखनऊ का प्रदर्शन बेहतर रहा।

बख्शी का तालाब, माल और मोहनलालगंज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

ब्लॉक स्तर पर भी बख्शी का तालाब, माल और मोहनलालगंज ब्लॉक ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि लखनऊ नगर, मलिहाबाद और गोसाईगंज ब्लॉकों ने पिछले महीने की तुलना में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया। इस अवधि में किसी भी ब्लॉक के प्रदर्शन में गिरावट नहीं आई।

लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है, इनमें हरदोई ने प्रदेश में नौवां, उन्नाव ने दसवां, रायबरेली ने 14वां, सीतापुर ने 21वां और लखीमपुर खीरी ने 25वां स्थान हासिल किया है। इससे मंडल की समग्र रैंकिंग मजबूत हुई है।

सामूहिक प्रयास का परिणाम है उपलब्धि

अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जी.पी. गुप्ता ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था के सामूहिक प्रयास, नियमित अनुश्रवण और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदायगी को दिया। उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर रणनीति बनाकर किये गये कार्य का परिणाम इस सफलता के रूप में हासिल हुआ है।