-डीपीसी की बैठक के आयोजन की नयी तारीख तय होने के बाद खत्म हुआ घेराव

सेहत टाइम्स
लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई संस्थान कार्मिकों की पदोन्नति के लिए होने वाली डीपीसी की बैठक कई बार टलने के बाद 30 जून को भी न होने पर कर्मचारी महासंघ का धैर्य जवाब दे गया और महासंघ द्वारा निदेशक का घेराव किया गया। बाद में अस्पताल प्रशासन से वार्ता में बैठक 2 जुलाई को कराने जाने की सहमति बनने पर घेराव समाप्त हुआ।
कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष धर्मेश कुमार द्वारा यह जानकारी देते हुए बताया गया कि 2 जून 2026 को अपने पत्र के माध्यम से संस्थान प्रशासन से संस्थान के समस्त संवर्गों के कार्मिकों को 01 जुलाई 2026 से देय प्रमोशन/एमएसीपीएस के लाभ के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक को 15 जून 2026 से 25 जून 2026 के बीच संपन्न कर लिए जाने के लिए निवेदन किया गया था।
अपर निदेशक की उपलब्धता पर उठे सवाल
उन्होंने बताया कि इस संबंध में संस्थान प्रशासन द्वारा 23 जून 2026 को प्रशासनिक भवन में डीपीसी के सभी सदस्यों की बैठक हुई लेकिन बैठक में विभागीय पदोन्नति समिति की अध्यक्ष, संस्थान की अपर निदेशक ने अज्ञात कारणोंवश इस बैठक में प्रतिभाग नहीं किया जिससे बैठक पूरी नहीं हो सकी और बैठक बेनतीजा रही। उन्होंने बताया कि अपर निदेशक संस्थान में बहुत कम समय दे पाती हैं और सप्ताह में केवल एक दिन मंगलवार को केवल एक दो घंटे के लिए ही संस्थान आती हैं और कभी-कभी पूरे सप्ताह संस्थान नहीं आती हैं, जिससे संस्थान कार्मिकों के कार्यों में व संस्थान के अन्य कार्यों में अनावश्यक विलम्ब होता है।
23 जून की बैठक पूरी न हो पाने के कारण कर्मचारी महासंघ द्वारा पुनः अपने पत्र 25 जून 2026 के द्वारा संस्थान प्रशासन से डीपीसी की बैठक को 29 जून 2026 से पहले आयोजित करने के लिए फिर से निवेदन किया गया जिससे कि संस्थान के समस्त संवर्गों के कार्मिकों को 1 जुलाई 2026 से देय पदोन्नति/एमएसीपीएस का लाभ दिनांक 1 जुलाई 2026 से समय से प्राप्त हो सके और संस्थान कार्मिकों को किसी प्रकार से नुकसान ना हो। इस पत्र के बाद निदेशक के कैंप कार्यालय से सक्षम अधिकारी द्वारा कर्मचारी महासंघ को अवगत कराया गया कि डीपीसी की बैठक 30 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
धर्मेश कुमार ने बताया कि 30 जून 2026 को पुनः कर्मचारी महासंघ के संज्ञान में लाया गया कि संस्थान प्रशासन द्वारा डीपीसी की बैठक आज फिर आयोजित नहीं की जा रही है। संस्थान प्रशासन की संस्थान कर्मियों के कार्यों में इस प्रकार से उदासीनता और हीलाहवाली के कारण मजबूर होकर कर्मचारी महासंघ को निदेशक के कार्यालय में धरना प्रदर्शन/ घेराव करना पड़ा।
पिछली तारीख से ही मान्य होगी बैठक
इस दौरान निदेशक द्वारा कर्मचारी महासंघ से तीन राउंड में वार्ता की गई उसके बाद निदेशक और अपर निदेशक के साथ हुई वार्ता में कर्मचारी महासंघ को आश्वस्त किया गया कि 2 जुलाई 2026 को डीपीसी की बैठक होगी और उसको पिछले 23 जून 2026 को हुई बैठक की तिथि में ही डीपीसी की बैठक को संपन्न माना जाएगा इस आश्वासन के बाद कर्मचारी महासंघ द्वारा किए जा रहे धरना/घेराव को समाप्त किया गया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times