-आईएमए यूपी के संयुक्त सचिव डॉ पीके गुप्ता ने उठायी मांग, सुरेश खन्ना व डॉ राजेश्वर सिंह से किया अनुरोध

सेहत टाइम्स
लखनऊ। यूपी मेडिकल काउंसिल के सदस्य, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के संयुक्त सचिव जोन 3, आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ पीके गुप्ता ने मांग की है कि पहली जुलाई को होने वाले चिकित्सक दिवस को भी शिक्षक दिवस की तरह आधिकारिक मान्यता मिलनी चाहिये, इसे अभी आधिकारिक रूप से सरकार द्वारा नहीं मनाया जाता है।
यह जानकारी देते हुए डॉ गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा आधिकारिक मान्यता मिलने के बाद प्रत्येक सरकारी मेडिकल संस्थानों में भी यह दिवस मनाने की परंपरा बन जाएगी, जो कहीं न कहीं नये चिकित्सकों को भी प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि इससे पब्लिक में भी अच्छा संदेश जायेगा तथा होनहार और संवेदनशील बच्चे इस पेशे की तरफ और आकर्षित होंगे।
डॉ गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी मांग और सुझाव आज डॉक्टर्स डे के मौके पर सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह द्वारा आयोजित चिकित्सकों को सम्मानित किये जाने के कार्यक्रम के मौके पर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना और विधायक डॉ राजेश्वर सिंह के समक्ष भी रखी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों से सुझाव मांगे थे, इसी क्रम में मैंने अपना अनुरोध उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मुझे आशा है कि मेरा यह अनुरोध सरकार स्वीकार करेगी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times