Saturday , July 4 2026

कल्‍याण सिंह की तबीयत में निरंतर सुधार, चैतन्‍यता वापस आ रही

-हार्ट अटैक आने के बाद 4 जुलाई को संजय गांधी पीजीआई में कराया गया था भर्ती

गुरुवार को कल्‍याण सिंह को देखने भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा व मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ संजय गांधी पीजीआई पहुंचे थे।                                   फाइल फोटो

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। राजस्थान के पूर्व गवर्नर व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। अब वे परिजनों व आईसीयू स्‍टाफ की बात समझ पा रहे हैं। उनकी चैतन्‍यता वापस आ रही है। ज्ञात हो कल्याण सिंह को हार्ट अटैक आने के बाद बीती 4 जुलाई को यहां संजय गांधी पीजीआई में भर्ती कराया गया था।

कल्‍याण सिंह को क्रिटिकल केयर मे‍डिसिन की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है। उनके इलाज के लिए नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी,  न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, न्यूरो ऑटोलॉजी के विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया गया है, इसमें डॉ बनानी पोद्दार, डॉ अफजल अज़ीम, डॉ नारायन प्रसाद, डॉ सुनील प्रधान, डॉ पालीवाल, डॉ ईश भाटिया, डॉ अमित केसरी शामिल हैं। प्रख्‍यात हेपेटोलॉजिस्‍ट एवं निदेशक प्रो आरके धीमन एवं एन्डोसर्जन व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो गौरव अग्रवाल भी उनके उपचार की देखरेख कर रहे हैं।

भर्ती कल्‍याण सिंह

संस्थान के निदेशक डॉक्टर आरके धीमन ने बताया कि कल्याण सिंह की स्थिति ने लगातार सुधार हो रहा है और अब वे अपने परिजनों व आईसीयू स्टाफ से के साथ इंटरेक्ट भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कल्याण सिंह के वाइटल पैरामीटर स्थिर हैं। उन्‍होंने बताया कि उनकी देखभाल में क्रिटिकल केयर मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी तथा नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञ उनका लगातार उपचार कर रहे हैं।

ज्ञात हो कल गुरुवार को कल्‍याण सिंह को देखने भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी आये थे।