Tuesday , May 26 2026

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 7 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

-दिल्ली से बिहार जा रही प्राइवेट स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलटने से हुआ भीषण हादसा

-घायलों को लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लाया गया, मुख्यमंत्री ने जताया शोक


सेहत टाइम्स

लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे Lucknow-Agra Expressway पर उन्नाव में आज 26 मई की सुबह बड़ा हादसा हो गया, दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गयी जिसमें 7 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गये। मरने वालों में बिहार पुलिस का एक सब इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल है। दुर्घटना में घायल यात्रियों को लखनऊ स्थित केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर लाया गया है।

चालक को झपकी आने के चलते हुए हादसा

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5:00 बजे उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ है, जिसमें दिल्ली से बिहार जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस (UP13 ET 6636) डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि यात्री बस से निकलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खाई में जा गिरे। बताया जा रहा है कि हादसा बस चालक को झपकी लगने के चलते हुआ।

मुख्यमंत्री ने जताया दु:ख

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Chief Minister Yogi Adityanath ने भी दु:ख जताते हुए कहा है कि जनपद उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

ट्रॉमा सेंटर ने जारी की लाये गये घायलों की सूची

दुर्घटना में घायल हुए लोगों के बारे में केजीएमयू KGMU के प्रवक्ता डॉ केके सिंह द्वारा 25 व्यक्तियों की सूची जारी करते हुए बताया गया है कि बस दुर्घटना से कुल 25 मरीज़ों को ट्रॉमा सेंटर में लाया गया। एक मरीज़ को मृत अवस्था में लाया गया था और उसे शवगृह भेज दिया गया। इसके अतिरिक्त पॉलीट्रॉमा से पीड़ित दो मरीज़ों को गंभीर हालत में भर्ती किया गया, दोनों को ICU में शिफ़्ट कर दिया गया है, उन्हें इंट्यूबेट करते हुए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

डॉ सिंह ने बताया कि सभी मरीज़ों को निगरानी में रखा गया है। घायलों में ज़्यादातर को हड्डियों में चोटें और कई जगह फ़्रैक्चर हुए हैं। ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख डॉ. आशीष कुमार की देखरेख में ऑर्थोपेडिक्स टीम ट्रॉमा सेंटर में मौजूद है और उनके इलाज की निगरानी कर रही है। X-ray और अन्य ज़रूरी जाँचें की जा रही हैं, और मरीज़ों को उसी के अनुसार संबंधित वार्डों में शिफ़्ट किया गया है।