Saturday , April 20 2024

अब स्‍टूडेंट्स की सेहत बनायेगा सीबीएसई, एक पीरियड होगा अनिवार्य

कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल जैसे खेल खिलाये जायेंगे स्‍कूलों में

लखनऊ। आगामी शैक्षिक सत्र 2019-20 से सीबीएसई ने अपने सभी स्‍कूलों में खेल और स्‍वास्‍थ्‍य के लिए एक पीरियड अनिवार्य कर दिया है। यह फैसला बोर्ड ने बच्‍चों की सेहत को सुधारने और दुरुस्‍त रखने के मद्देनजर किया है। इसके लिए बोर्ड ने कबड्डी, फुटबॉल जैसे खेल रखे हैं।

 

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार इस सम्‍बन्‍ध में सीबीएसई ने सभी स्‍कूलों को निर्देश भेजे हैं। बोर्ड ने इसके लिए बाकायदा अधिसूचना भी जारी कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार खेल और स्‍वास्‍थ्‍य का यह अनिवार्य पीरियड आठवीं तक की कक्षा के बच्‍चों के लिए किया है। स्कूली बच्चों की सेहत को बेहतर रखने के लिए अब नये सत्र 2019-20 से एक कक्षा स्वास्थ्य और खेल के लिए अनिवार्य रहेगा।

 

बोर्ड के अनुसार हर बच्चे को एक न एक खेल में हिस्सा लेना होगा। इसके लिए बोर्ड ने खेलों की सूची भी जारी की है। जिन खेलों में छात्रों की रुचि हो, उसी खेल में उन्हें शामिल होना है।इस पीरियड में छात्रों को खेल और स्वास्थ्य की जानकारी दी जायेगी। इस विषय को मुख्य विषय के तौर पर लिया जाना है। स्वास्थ्य और खेल की यह कक्षा पूरी तरह से प्रयोगात्मक रहेगी। आपको बता दें कि बोर्ड ने 2018 में 9वीं से 12वीं तक की कक्षा में खेल को शामिल किया था। इससे काफी फायदा हुआ था। छात्र-छात्राओं को जिन जिन खेलों में शामिल होना अनिवार्य होगा, उनमें कबड्डी, फुटबॉल, नेट गेम-बैडमिंटन और वालीबॉल तथा एथलेटिक्स-दौड़ संबंधी खेल शामिल हैं।

बोर्ड ने स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि खेल और स्वास्थ्य की कक्षा हर दिन स्कूल के रूटीन में शामिल करें।