-सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम

सेहत टाइम्स
लखनऊ। भारत विकास परिषद्, परमहंस शाखा (लखनऊ) के तत्वावधान में 21 नवम्बर को सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज अलीगंज, लखनऊ में प्रथम चरण के अंतर्गत विशेष ‘एनीमिया जागरूकता अभियान’ तथा ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अमिता जैन (राष्ट्रीय सदस्य, महिला सहभागिता महिला एवं बाल विकास, भारत विकास परिषद) ने प्रार्थना सभा एवं सत्र के दौरान छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PowerPoint) के माध्यम से एनीमिया (रक्ताल्पता) के कारणों, लक्षणों, रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली व पौष्टिक आहार के महत्व को अत्यंत सरल एवं विस्तृत रूप से समझाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने भारत विकास परिषद् के पदाधिकारियों एवं मुख्य अतिथि का स्वागत व अभिनंदन किया। भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत करते हुए ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और परिषद् द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।

900 विद्यार्थियों ने ली सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभागार में उपस्थित लगभग 900 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने खड़े होकर सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे स्वयं को एनीमिया मुक्त रखने, संतुलित आहार अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज व राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
शाखा अध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र कुमार गुप्ता ‘जिंदल’ ने प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, मुख्य अतिथि अमिता जैन, विद्यालय परिवार एवं सभी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ और संस्कारित युवा पीढ़ी ही सशक्त भारत की आधारशिला है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times