-योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास व एनएमओ ने जताया शोक
-भव्य रवानगी, मुख्यमंत्री के ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम को रद करने का निर्णय लिया आयोजकों ने
-21 से 24 नवम्बर तक उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में आयोजित हो रहा है सेवा यात्रा का सातवां संस्करण

सेहत टाइम्स
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास एवं नेशनल मेडिको ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) ने गहरा दु:ख जताते हुए कहा है कि इसके चलते श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन उद्घाटन का कार्यक्रम तथा 21 नवम्बर को लखनऊ के डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से होने वाली रवानगी के समय भव्य और औपचारिक समारोह को रद कर दिया गया है, लेकिन 21 से 24 नवम्बर तक होने वाली स्वास्थ्य सेवा यात्रा के अन्य कार्यक्रम पूर्ववत आयोजित होंगे। ज्ञात हो नेशनल मेडिको आर्गेनाइजेशन (एनएमओ) द्वारा श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के सहयोग से इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा का आयोजन किया जाता है।
यह जानकारी श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रो एमएलबी भट्ट, सचिव डॉ भूपेन्द्र सिंह, नेशनल मेडिको ऑर्गेनाइजेशन अवध प्रान्त के अध्यक्ष प्रो संदीप तिवारी और सचिव डॉ शिवम मिश्रा द्वारा जारी विज्ञप्ति में देते हुए बताया गया है कि देहावसान का समाचार हम सभी के लिए अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःखद अवसर पर श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास एवं नेशनल मेडिकल ऑर्गनाइजेशन के समस्त पदाधिकारी, चिकित्सक एवं कार्यकर्ता अपनी गहन शोक-संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा के श्रीचरणों में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
22 नवम्बर को प्रस्तावित था उद्घाटन कार्यक्रम
विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा भगवान श्री गुरु गोरखनाथ जी की पावन प्रेरणा तथा गोरक्षपीठ के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से संचालित एक पुनीत जनसेवा अभियान है। इस असाधारण शोकपूर्ण परिस्थिति के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास तथा नेशनल मेडिकल ऑर्गनाइजेशन के अवध प्रांत, गोरक्ष प्रांत, काशी प्रान्त एवं ब्रज प्रांत ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि 22 नवंबर को प्रातः मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तावित सप्तम श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का उद्घाटन समारोह स्थगित किया जाता है। आयोजकों ने यह भी कहा है कि चार दिवसीय इस यात्रा के दौरान कोई भी भव्य और मंचीय समारोह आयोजित नहीं किया जायेगा।
विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उद्घाटन समारोह का स्थगन स्वास्थ्य सेवा यात्रा के मूल उद्देश्य एवं सेवा-संकल्प को किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं करेगा। यात्रा के अंतर्गत पूर्वनिर्धारित चिकित्सा शिविर एवं अन्य जनसेवा गतिविधियाँ अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित होती रहेंगी। ग्रामीण, वंचित एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में जरूरतमंद जनसामान्य तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का हमारा संकल्प पूर्ववत दृढ़ एवं अटूट रहेगा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times