Wednesday , November 18 2026

सीओपीडी के प्रति जागरूकता और इलाज दोनों का है अभाव : प्रो सूर्यकान्त

-केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में विश्व सी.ओ.पी.डी. दिवस पर रोगी जागरूकता शिविर आयोजित

सेहत टाइम्स

लखनऊ। के.जी.एम.यू. के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त का कहना है कि प्रथम विश्व सी.ओ.पी.डी. दिवस वर्ष 2002 में मनाया गया था। इस वर्ष 24वां विश्व सी.ओ.पी.डी. दिवस मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत दुनिया के 50 से अधिक देश मिलकर सी.ओ.पी.डी. के जोखिम कारकों, बीमारी, निदान एवं रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं। सी.ओ.पी.डी. की अंतरराष्ट्रीय गाइडलाइन-ग्लोबल इनिशिएटिव फॉर क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव लंग डिजीज (गोल्ड-2025) के अनुसार, दुनिया के सी.ओ.पी.डी. के कुल मरीजों में लगभग 14 प्रतिशत (लगभग 6 करोड़) भारत में रहते हैं। वहीं, सी.ओ.पी.डी. से मरने वाले मरीजों में भारत की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत (लगभग 3.5 लाख) है। मृत्यु के इस बढ़े हुए प्रतिशत का प्रमुख कारण लोगों में इस बीमारी के प्रति जानकारी का अभाव तथा उचित इलाज न मिल पाना है।

उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष नवंबर माह के तीसरे बुधवार को विश्व सी.ओ.पी.डी. दिवस मनाया जाता है। लोगों को सी.ओ.पी.डी. के प्रति जागरूक करने, बीमारी की समय रहते पहचान करने तथा उचित उपचार के महत्व को समझाने के उद्देश्य से इस वर्ष विश्व सी.ओ.पी.डी. दिवस “बेहतर जीवन के लिए बीमारी की समय पर पहचान और सही इलाज” विषय के साथ मनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस उपलक्ष्य में के.जी.एम.यू. के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में सी.ओ.पी.डी. जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। डॉ. सूर्य कान्त ने रोगियों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि सी.ओ.पी.डी. (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) सांस की एक प्रमुख बीमारी है। डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि साल-दर-साल सी.ओ.पी.डी. को लेकर हमारी समझ में आमूलचूल परिवर्तन आया है। जहां लगभग दो दशक पहले सी.ओ.पी.डी. को केवल धूम्रपान करने वालों में होने वाली बीमारी के रूप में देखा जाता था, वहीं आज विश्व स्तर पर किए जा रहे विभिन्न शोधों से यह सिद्ध हुआ है कि धूम्रपान के अलावा चूल्हे से निकलने वाला धुआं, वायु प्रदूषण एवं लंबे समय तक बने रहने वाले फेफड़ों के संक्रमण भी सी.ओ.पी.डी. के प्रमुख जोखिम कारक (रिस्क फैक्टर) हैं।

धूम्रपान न करने वाले भी हो रहे शिकार

भारत जैसे देश में, जहां धूम्रपान न करने वाले सी.ओ.पी.डी. के मरीजों की संख्या अधिक है, वहां अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से आम जनमानस को सी.ओ.पी.डी. जैसी बीमारी की समय पर जांच, इलाज तथा इलाज में इस्तेमाल होने वाले इन्हेलर्स से संबंधित भ्रांतियों एवं मिथकों को दूर करने के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

इस बीमारी के लक्षण 30 वर्ष की उम्र के बाद प्रारंभ होते हैं। इसका सबसे पहला लक्षण सुबह-सुबह खांसी आना है। इसके बाद धीरे-धीरे सर्दियों के मौसम में और फिर बाद में सालभर खांसी आने लगती है। तत्पश्चात बलगम भी आने लगता है। बीमारी बढ़ने पर रोगी की सांस भी फूलने लगती है। डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि सी.ओ.पी.डी. केवल फेफड़ों की बीमारी नहीं है, बल्कि बीमारी की गंभीरता बढ़ने पर हृदय, गुर्दे एवं शरीर के अन्य अंग भी प्रभावित हो जाते हैं। शरीर कमजोर हो जाता है, भूख कम लगती है तथा हड्डियां भी कमजोर हो जाती हैं।

हार्ट अटैक की तरह ही खतरनाक है लंग अटैक

डॉ. सूर्यकान्त ने जोर देते हुए कहा कि जिस तरह हृदय रोगियों के लिए हार्ट अटैक एक प्राणघातक घटना है, उसी तरह जब सी.ओ.पी.डी. की गंभीरता बढ़ जाती है तो उसे लंग अटैक कहा जाता है। लंग अटैक के परिणामस्वरूप जब मरीज को अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है, तो उसकी मृत्यु की आशंका दिल के दौरे के समान ही बढ़ जाती है।

डॉ. सूर्यकान्त ने रोगियों, उनके परिजनों एवं सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सी.ओ.पी.डी. से बचाव के लिए पाँच सूत्र दिए। उन्होंने बताया कि धूम्रपान न करें तथा धूम्रपान करने वाले लोगों के आसपास भी न रहें, लकड़ी के चूल्हे पर खाना न पकाएँ, उज्ज्वला योजना का लाभ लेकर एलपीजी चूल्हे पर खाना बनाएँ, वायु प्रदूषण से बचें, सांस संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण (न्यूमोकोकल एवं इन्फ्लूवैक आदि) करवाएँ तथा पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन के माध्यम से फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाएँ।

वायु प्रदूषण से बचने के लिए मास्क लगाएं तथा मास्क उपलब्ध न होने पर रूमाल से ही नाक और मुंह ढक लें। महिलाएं नाक और मुंह ढकने के लिए दुपट्टे या साड़ी के पल्लू का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए रोजाना भाप लें तथा सर्दियों के दौरान सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) करने से बचें।

पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन है काफी कारगर

उन्होंने यह भी बताया कि रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में उत्तर प्रदेश का पहला पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन केंद्र स्थापित है, जहाँ श्वसन संबंधी बीमारियों जैसे अस्थमा, सी.ओ.पी.डी., आई.एल.डी., ब्रोंकिएक्टेसिस आदि से पीड़ित रोगियों को उचित खान-पान की जानकारी दी जाती है। उनकी काउंसलिंग की जाती है तथा उन्हें विभिन्न प्रकार के व्यायाम सिखाए जाते हैं। जिससे रोगियों के फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ती है और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित रोगियों को काफी हद तक आराम मिलता है। इसके साथ ही समय-समय पर उनकी काउंसलिंग व मॉनिटरिंग भी की जाती है, केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में उपस्थित यह पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन केंद्र दुनिया का अकेला पहला केंद्र है जहाँ पर ये सभी सेवाएँ पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन केंद्र पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

इस अवसर पर विभाग के डॉ. आर.ए.एस. कुशवाहा, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. राजीव गर्ग, डॉ. दर्शन बजाज, डॉ. आनंद श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति बाजपेयी, डॉ. अंकित कुमार सहित सीनियर एवं जूनियर डॉक्टर, रोगी तथा उनके परिजन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सी.ओ.पी.डी. के रोगियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए। कार्यक्रम के अंत में रोगियों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए।