Sunday , November 22 2026

ब्रेन ट्यूमर की इमेजिंग, निदान एवं उपचार प्रबंधन की नवीनतम जानकारी दी विशेषज्ञों ने

-डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग ने आयोजित की सीएमई

सेहत टाइम्स

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग द्वारा निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह के कुशल मार्गदर्शन में एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ब्रेन ट्यूमर की इमेजिंग, निदान एवं उपचार प्रबंधन के क्षेत्र में हुए नवीनतम शोध, तकनीकी विकास तथा आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर विचार-विमर्श करना था।

वैज्ञानिक सत्रों के दौरान केंद्रीय तंत्रिका तंत्र (CNS) के ट्यूमर के विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा निर्धारित नवीनतम वर्गीकरण, ब्रेन ट्यूमर के उपचार में न्यूरोसर्जनों के समक्ष आने वाली चुनौतियों, विभिन्न क्लिनिकल केसों के आधार पर ब्रेन ट्यूमर के निदान एवं प्रबंधन, ग्लायोमा में पीईटी (PET) स्कैन की वर्तमान उपयोगिता एवं वैज्ञानिक प्रमाणों, ग्लायोमा की इमेजिंग एवं हिस्टोपैथोलॉजी तथा मस्तिष्क में एकाधिक रिंग-एन्हांसिंग घावों के संभावित कारणों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

PET-RANO मानदंडों की उपयोगिता

इसके अतिरिक्त, उपचार के प्रति ब्रेन ट्यूमर की प्रतिक्रिया का आकलन करने हेतु PET-RANO मानदंडों की उपयोगिता एवं उनके नैदानिक अनुप्रयोगों पर भी विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस शैक्षणिक कार्यक्रम में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, मुंबई के प्रो. (डॉ.) अमेय पुराणिक, एसजीपीजीआईएमएस, लखनऊ के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सत्यव्रत वर्मा तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के वरिष्ठ विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) प्रद्युम्न सिंह, प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार, प्रो. (डॉ.) किरण प्रीत मल्होत्रा, प्रो. (डॉ.) ए. के. सिंह, प्रो. (डॉ.) शांतनु सप्रू एवं प्रो. (डॉ.) सत्यवती देसवाल ने अपने बहुमूल्य अनुभव, वैज्ञानिक जानकारी एवं नैदानिक दृष्टिकोण साझा किए।

संवादात्मक सत्र

कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के रेजिडेंट चिकित्सकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से विभिन्न चिकित्सकीय पहलुओं पर प्रश्न पूछे तथा अपने अनुभव साझा किए।

रोगी-केंद्रित व्यक्तिगत उपचार

सीएमई के समापन पर विशेषज्ञों ने इस बात पर विशेष बल दिया कि ब्रेन ट्यूमर जैसे जटिल रोगों के प्रभावी निदान एवं समुचित उपचार के लिए बहुविषयक (Multidisciplinary) एवं रोगी-केंद्रित व्यक्तिगत उपचार पद्धति (Personalised Treatment Approach) अत्यंत आवश्यक है।

विशेषज्ञों ने कहा कि विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक इमेजिंग तकनीकों का उपयोग तथा सटीक निदान के आधार पर उपचार की योजना तैयार करने से ब्रेन ट्यूमर के मरीजों को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं।