Friday , February 6 2026

अतुल मिश्रा ने दी डीपीए की नवनिर्वाचित टीम को बधाई और दिया साथ खड़े रहने का आश्‍वासन

-पूर्व की भांति राज्‍य कर्मचारी संयुक्‍त परिषद को मजबूत बनाने की उम्‍मीद जतायी

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के महामंत्री अतुल मिश्रा ने डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्‍तर प्रदेश के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि पूर्व की भांति परिषद को सशक्त करने व कर्मचारियों की समस्याओं के निदान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे व आश्वस्त किया कि वे एसोसिएशन की समस्या निस्तारण में पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। सदैव उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

ज्ञात हो डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय पदाधिकारियों के निर्वाचन में अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार संदीप बडोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नौंवी बार उपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष पद पर पांचवीं बार राजेन्द्र पटेल, निर्वाचित हुए हैं। इसके अतिरिक्‍त महामंत्री पद पर उमेश मिश्रा, संगठन मंत्री पद पर आर एस राना, संयुक्त मंत्री पद पर देवेंद्र कटारा, कोषाध्यक्ष पद पर अजय पांडेय, संप्रेक्षक पद पर जितेंद्र सिंह निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन मुख्य चुनाव अधिकारी मनमोहन मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगदीश विशाल और जय प्रकाश पाठक की देखरेख में सम्पन्न हुआ। निर्वाचित पदाधिकारियों को फीपो के राष्ट्रीय अध्यक्ष के के सचान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस मौके पर भाग लेने पहुंचे राज्‍य कर्मचारी संयुक्‍त परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा ने जीते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा मैं अपनी पूरे राज्‍य कर्मचारी संयुक्‍त परिषद की तरफ से आप लोगों को मिली जीत पर बहुत-बहुत बधाई देते अपनी व परिषद की ओर से शुभकामनाएं देता हूं, उन्‍होंने कहा कि हम सबकी अनेक समस्‍याएं शासन स्‍तर पर पैंडिंग पड़ी हुई हैं, इन्‍हें पूरा कराने के लिए पूर्व की भांति हमारा संयुक्‍त प्रयास जारी रहेगा।

अधिवेशन के पहले दिन बलरामपुर चिकित्सालय के संघ भवन में प्रदेश के फार्मेसिस्टों को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि फार्मेसिस्ट संवर्ग की अनेक जायज मांगें लंबित बनी हुई हैं, शासन द्वारा मांगों के निस्तारण के लिए कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं की जा रही है, जिससे फार्मेसिस्ट दुःखी और रोष में हैं। जल्द ही प्रदेश के फार्मेसिस्ट अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। सम्मेलन को पूर्व महामंत्री एवं फीपो के अध्यक्ष के के सचान, फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव सहित प्रांतीय पदाधिकारियों ने संबोधित किया।