-लखनऊ शाखा में अब एक ‘इशारे’ पर उठेगा पर्दा, मंच पर लगा ऑटोमेटेड कर्टेन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लखनऊ शाखा द्वारा आईएमए भवन, रिवर बैंक कॉलोनी में सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के लिए आधुनिक जिम्नेजियम का उद्घाटन किया गया। स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार यह जिम्नेजियम आधुनिक व्यायाम मशीनों तथा आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित है।
इस अवसर पर आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, डॉ. अलीम सिद्दीकी, डॉ. नईम अहमद शेख, डॉ. राकेश सिंह, डॉ. मनोज गोविला, लखीमपुर से डॉ. कमल मोहन तथा डॉ. राजीव सक्सेना सहित अनेक चिकित्सक एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
स्वस्थ रहने की प्रेरणा देने वालों को भी रहना चाहिये चुस्त
डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा, “चिकित्सक समाज को स्वस्थ रहने की प्रेरणा देते हैं, इसलिए उनका स्वयं शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी आवश्यक है। यह जिम्नेजियम आईएमए सदस्यों और उनके परिवारों के लिए नियमित व्यायाम एवं बेहतर जीवनशैली का उपयोगी केंद्र बनेगा।” डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने कहा, “नियमित व्यायाम शरीर को स्वस्थ रखने के साथ तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक होता है। सभी सदस्य इस सुविधा का नियमित उपयोग करें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक जीवनशैली अपनाएं।”
इसी अवसर पर आईएमए हॉल के मंच पर लगाए गए ऑटोमेटेड कर्टेन का उद्घाटन भी डॉ. मनोज कुमार अस्थाना एवं डॉ. श्वेता श्रीवास्तव द्वारा किया गया। आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पर्दा पूरी तरह रिमोट से नियंत्रित होगा। इससे आईएमए भवन में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य प्रस्तुतियों, सम्मेलनों एवं मनोरंजन गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।
जिम्नेजियम और ऑटोमेटेड स्टेज कर्टेन की शुरुआत को आईएमए लखनऊ में सदस्य कल्याण, स्वास्थ्य संवर्धन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times