-विवाह के 15 वर्ष बाद दम्पति के माता-पिता बनने का सपना पूरा किया डॉ पुष्पलता संखवार ने

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ के क्वीन मैरी हॉस्पिटल में IVF यूनिट की कोविड काल के बाद प्रथम सफल IVF गर्भावस्था का सुखद परिणाम 20 सितम्बर 2026 को सामने आया है। यह उपलब्धि लंबे समय से संतान प्राप्ति की प्रतीक्षा कर रहे एक दंपति के लिए आशा और खुशी का संदेश लेकर आई है।
38 वर्षीय संतोष कुमार पिछले 15 वर्षों से infertility (बांझपन) की समस्या से जूझ रही थीं। उन्होंने संतान प्राप्ति के लिए कई चिकित्सकों से परामर्श लिया और विभिन्न उपचार कराए, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगभग एक वर्ष पूर्व उन्होंने क्वीन मैरी हॉस्पिटल की Infertility/IVF Unit में डॉ पुष्पलता संखवार से संपर्क किया। यहां उनकी विस्तृत जांच की गई तथा आवश्यक उपचार और IVF प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें गर्भधारण हुआ। गर्भावस्था के दौरान उनका नियमित चिकित्सकीय फॉलो-अप किया गया।
मां और नवजात दोनों की स्थिति संतोषजनक
यह पूरा IVF उपचार प्रोफेसर पुष्पलता सखवार, यूनिट हेड, के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में उनकी टीम द्वारा किया गया। अब मरीज का सीजेरियन सेक्शन द्वारा सफल प्रसव हुआ है। उन्होंने 2 किलोग्राम वजन की एक बच्ची को जन्म दिया, जिसने जन्म के तुरंत बाद रोकर अपने स्वस्थ होने का संकेत दिया। मां और नवजात दोनों की स्थिति संतोषजनक है।
इस उपलब्धि पर प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ अंजू अग्रवाल ने कहा कि यह क्वीन मैरी हॉस्पिटल और पूरे विभाग के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कोविड आने के पहले भी आईवीएफ द्वारा गर्भधारण हुए हैं, दुर्भाग्यवश कोविड में यह सुविधा बंद करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि इनफर्टिलिटी यूनिट की पूरी टीम भविष्य में भी निःसंतान दंपतियों के उपचार करती रहेगी और आईवीएफ, आईसीएसआई, टीईएसई जैसी आधुनिक सहायक प्रजनन तकनीकों (assisted reproductive techniques) के माध्यम से उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराएगी।
आधुनिक बांझपन उपचार नई आशा
उन्होंने कहा कि लंबे समय से बांझपन से जूझ रहे दंपतियों के लिए आधुनिक बांझपन उपचार नई आशा प्रदान कर सकता है। उचित जांच, व्यक्तिगत उपचार योजना और विशेषज्ञों की समन्वित देखभाल से कई दंपतियों को संतान प्राप्ति का अवसर मिल सकता है। 15 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद संतोष कुमार के परिवार में आई यह नन्ही खुशी क्वीन मैरी हॉस्पिटल की Infertility/IVF Unit के लिए भी एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times