Tuesday , September 22 2026

केजीएमयू की नर्सिंग छात्रा की डेंगू से मौत के बाद स्टूडेंट्स का जोरदार प्रदर्शन

-कॉलेज प्रशासन पर आरोप, बीमार होने के बाद भी शुरुआत में नहीं ले सकी छुट्टी

सेहत टाइम्स

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में 2025-बैच की नर्सिंग छात्रा की मौत के बाद छात्राओं ने हंगामा किया है, हॉस्टल और कैम्पस में हुए प्रदर्शन में डर और गुस्से से भरी छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि छात्रा दिव्यांशी यादव के बीमार होने के बावजूद उसको छुट्टी नहीं दी गई थी और क्लास में अटेंडेंस के प्रेशर में वह तेज बुखार और डेंगू की हालत में भी कॉलेज आती रही। प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और नियमों के पालन की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार 2025 बैच की नर्सिंग छात्रा दिव्यांशी यादव की इलाज के दौरान हुई मौत से आक्रोशित सैकड़ों छात्र नर्सिंग विभाग में एकत्र हो गए और विभाग का घेराव कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने वी वॉन्ट जस्टिस ‘We Want Justice’ के नारे लगा रहे थे। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया।

समय पर आराम और इलाज न मिलने से हालत बिगड़ी

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि दिव्यांशी की पिछले कई दिनों से तबीयत काफी खराब चल रही थी। उसने इलाज और आराम के लिए कॉलेज प्रशासन से छुट्टी की गुहार भी लगाई थी। आरोप है कि उसे छुट्टी नहीं दी गयी। समय पर आराम और इलाज न मिलने से छात्रा की हालत बिगड़ती चली गई और तीन दिन पहले उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

केजीएमयू के मीडिया प्रवक्ता ने बताया

इस बारे में जब ‘सेहत टाइम्स’ ने मीडिया प्रवक्ता डॉ केके सिंह से पूछा तो उनका कहना था कि छात्रा 16 सितम्बर को बीमार हुई थी, उसी दिन उसे यहां मेडिसिन विभाग के डॉ हिमांशु ने देखा था तो ऐसी गंभीर स्थिति नहीं थी। डॉ सिंह ने बताया कि इसके बाद उसी दिन 16 सितम्बर को ही छात्रा के पिता छात्रा को अपने साथ वाराणसी ले गये थे। इसके दो दिन बाद वाराणसी में ही 19 सितम्बर को छात्रा की मृत्यु हुई है।