Monday , September 21 2026

डायटेटिक्स यूनिट का संदेश : स्वस्थ रहेंगे तभी तो स्वस्थ रखेंगे

-राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर डॉ. आरएमएलआईएमएस में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

सेहत टाइम्स

लखनऊ। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ की डायटेटिक्स यूनिट द्वारा संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संस्थान के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता दिखाई।

यह जानकारी संस्थान के मीडिया सेल द्वारा जारी विज्ञप्ति में डायटेटिक्स यूनिट की ओर से देते हुए बताया गया है कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क बॉडी कंपोजीशन एनालिसिस, हैंडग्रिप स्ट्रेंथ असेसमेंट तथा व्यक्तिगत पोषण परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने शरीर की संरचना, मांसपेशियों की कार्यक्षमता एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिला। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को उनके स्वास्थ्य एवं जीवनशैली के अनुरूप व्यावहारिक पोषण संबंधी सुझाव भी दिए गए।

डायटेटिक्स यूनिट ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल मरीजों के पोषण प्रबंधन तक सीमित न रहकर संस्थान के अपने स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देना था। एक स्वस्थ स्वास्थ्य संस्थान के लिए स्वस्थ एवं जागरूक कार्यबल आवश्यक है। इसी सोच के साथ इस कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ संस्थान – स्वस्थ कार्यबल” पर केंद्रित रही।

शिविर में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभागियों ने बॉडी कंपोजीशन, मांसपेशियों की ताकत और संतुलित आहार के महत्व को समझने में विशेष रुचि दिखाई।

डायटेटिक्स यूनिट ने इस अवसर पर कहा कि जो लोग प्रतिदिन दूसरों के स्वास्थ्य की देखभाल करते हैं, उनके अपने स्वास्थ्य की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों में निवारक स्वास्थ्य, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “स्वस्थ संस्थान की शुरुआत स्वस्थ कार्यबल से होती है।