-नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोेजित कार्यक्रम में शामिल हुईं राज्यपाल आनंदीबेन और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

सेहत टाइम्स
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में टीबी रोगियों को पोटली वितरण कार्यक्रम तथा संविधान स्थल का लोकार्पण किया गया, यहां एक विशाल तिरंगे का आरोहण भी किया गया। 100 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज का आकार 30 फीट × 20 फीट है।
मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 519 टी.बी. मरीजों को केजीएमयू एवं उसके सहयोगियों द्वारा गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की गयी।

प्रदीप गंगवार को किया सम्मानित
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर टीबी के 200 गरीब मरीज़ों को गोद लेने पर उप मुख्यमंत्री द्वारा केजीएमयू के डिप्टी नर्सिंग सुपरिन्टेन्डेंट प्रदीप गंगवार को सम्मानित किया गया। इसी मौके पर फाइनल ईयर की एमबीबीएस की 125 छात्राओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन की तीसरी डोज विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से निःशुल्क लगाई गयी।
प्रवक्ता के अनुसार विशाल राष्ट्रध्वज आरोहण कार्यक्रम देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा। विशाल तिरंगे के आरोहण के साथ पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उपस्थित रहे। इस मौके पर केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद के साथ ही केजीएमयू के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. बी.के. ओझा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुरेश कुमार, केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह, डीएमएस डॉ. सुमित रोंगटा, डीएमएस डॉ. अजय पाल, डीएमएस डॉ. श्वेता पांडे सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नर्सिंग कैडर द्वारा राष्ट्रगान गाया गया एवं एकल पुष्प देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके साथ ही मैट्रन, डिप्टी नर्सिंग सुपरिटेंडेंट (DNS) एवं असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट (ANS), कर्मचारी परिषद के पदाधिकारीगण, केजीएमयू नर्सेज एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, नर्सिंग ऑफिसर्स एवं अन्य कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विशाल राष्ट्रध्वज की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा के संकल्प को और मजबूती प्रदान करने का संदेश दिया गया। “तिरंगा केवल हमारी पहचान नहीं, यह भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।”

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times