Saturday , July 4 2026

कार्डियक अरेस्ट के बाद सपा नेता राजेन्द्र चौधरी की थम चुकी सांसों को वापस ले आये चिकित्सक

-​सिविल अस्पताल लाये गये राजेन्द्र चौधरी की पौने दो घंटे में हुई रिकवरी के बाद भेजा गया लोहिया संस्थान, आईसीयू में भर्ती

सेहत टाइम्स

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चोधरी को भयंकर हार्ट अटैक पड़ा, चिकित्सकों के अनुसार उन्हें डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) हॉस्पिटल लाया गया जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने जांच की, उस समय उनकी सांसें थम गयी थीं, लेकिन चिकित्सकों ने हार नहीं मानी, अंतत: कोशिश रंग लायी और राजेन्द्र चौधरी की सांसें वापस आयीं, श्री चौधरी को आईसीयू में रखा गया है।

बेहोशी की हालत में लाये गये सिविल अस्पताल

सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ जीपी गुप्ता ने बताया कि आज 3 जुलाई को प्रात: 11 बजकर 40 मिनट पर 77 वर्षीय श्री चौधरी को बेहोशी की हालत में लाया गया। इमरजेंसी वार्ड में जांच में पता चला कि उनको भयंकर हार्ट अटैक पड़ा है एवं कार्डियक अरेस्ट हो गया है।

किया गया कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन

डॉ गुप्ता ने बताया कि उनको तुरंत ईएमओ द्वारा कार्डियक मसाज देते हुए आईसीयू में लाया गया। वहां मौजूद डॉ. राजेश श्रीवास्तव कार्डियोलॉजिस्ट ने तुरंत उनका कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन करते हुए क्रिटिकल मैनेजमेंट टीम के डॉ. एस. के. सिंह द्वारा Revive कराया गया। उन्होंने बताया कि उनकी सांस बंद हो गई थी और उनको तत्काल वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके साथ ही तुरंत डॉ राम मनोहर लोहिया संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. भुवनचन्द्र तिवारी को सिविल अस्पताल में बुलाया गया। इसके बाद दो घंटे के अथक प्रयास से श्री चौधरी के सभी वाइटल्स को सामान्य कर लिया गया।

अखिलेश यादव व ब्रजेश पाठक लगातार रहे मौजूद

डॉ गुप्ता ने बताया कि खबर सुनकर तुरंत हॉस्पिटल पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्य मंत्री अखिलेश यादव उनके इलाज के दौरान पूरे समय आई.सी.यू में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के उप-मुख्य मंत्री व चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक भी आई.सी.यू. में श्री चौधरी के इलाज के दौरान मौजूद रहे। श्री चौधरी का बेड साइड 2D ECHO कराया गया एवं उनको Thrombolytic इंफ्यूज़न ट्रेनेक्टा दी गई। 1:30 PM पर रिकवरी होने पर लोहिया संस्थान से क्रिटिकल टीम को भी बुलाया गया एवं ALS एंबुलेंस से श्री चौधरी को सिविल इंटेंसिव केयर क्रिटिकल टीम के इंचार्ज डॉ. डी. के. गुप्ता एवं डॉ. कासिम तथा लोहिया इंस्टीट्यूट के क्रिटिकल केयर के डॉ. पी के दास की देखरेख में लोहिया इंस्टीट्यूट लाया गया तथा संस्थान के आई. सी. यू. में भर्ती कराया गया। डॉ गुप्ता ने बताया कि लोहिया संस्थान में उनका इलाज चल रहा है। वहाँ भर्ती के पश्चात उनकी सभी वाइटल्स सामान्य थी।